सिंगरौली: नगर पालिक निगम के बैढ़न-विंध्यनगर मुख्य मार्ग पर हाल ही में बिछाई गई सीवर लाइन की गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। वॉर्ड 31 में मध्यांचल बैंक के पास सड़क धंस जाने से बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे किसी भी समय गंभीर दुर्घटना की आशंका जताई जा रही है।स्थानीय नागरिकों ने बताया कि कुछ दिन पहले ही ठेकेदार द्वारा इस मार्ग पर सीवर लाइन डाली गई थी, लेकिन कार्य पूरा होने के बाद मानकों के अनुसार सड़क की मरम्मत नहीं की गई। सड़क की परत उखड़ रही है और अंदर से खोखली होने के कारण यह हिस्सा अत्यंत खतरनाक बन गया है।
वॉर्ड 38 के पार्षद अनिल वैश्य ने भी इस लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि समय पर निरीक्षण और गुणवत्ता परीक्षण किया जाता, तो सड़क की स्थिति इतनी खराब नहीं होती। नागरिकों ने ननि आयुक्त, अध्यक्ष और महापौर से तत्काल सड़क मरम्मत कराने की मांग की है।स्थानीय लोगों का कहना है कि यह शहर का अत्यंत व्यस्त मार्ग है, जहां प्रतिदिन हजारों वाहन गुजरते हैं। ऐसे में सड़क पर बने गड्ढे किसी बड़े हादसे को जन्म दे सकते हैं।
