जम्मू, (वार्ता) जम्मू रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा है कि 2025 जम्मू मंडल के लिए चुनौतीपूर्ण रहा, लेकिन रेलवे ने यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास किए।
श्री सिंघल ने कहा, “इन प्रयासों के साथ जम्मू डिवीजन तेजी से उत्कृष्टता की ओर बढ़ रहा है और यह नया अध्याय कश्मीर के लोगों के लिए बेहतर कनेक्टिविटी और समृद्धि लेकर आ रहा है। नए साल 2026 में जम्मू डिवीजन नए प्रोजेक्ट्स के साथ अपना दूसरा अध्याय लिखेगा।” उन्होंने उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि भारत का इस 70वें रेल मंडल ने 2025 में उल्लेखनीय विकास दर्ज किया। उन्होंने कहा कि उत्तरी रेलवे के नए जम्मू मंडल की स्थापना से कश्मीर घाटी देश के बाकी हिस्सों से जुड़ गई और जम्मू-कश्मीर के लोगों में बदलाव और आशा की भावना पैदा हुई।
श्री सिंघल ने कहा, “वर्ष 2025 में जम्मू मंडल ने कई अहम उपलब्धियां हासिल कीं और कनेक्टिविटी में बड़ा विस्तार देखा गया। इसमें उधमपुर–श्रीनगर–बारामूला रेल लिंक का उद्घाटन, प्रतिष्ठित चेनाब और अंजी पुलों का राष्ट्र को समर्पण, वंदे भारत ट्रेनों का संचालन, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा, सेब और सीमेंट जैसी वस्तुओं के माल परिवहन में वृद्धि और आर्थिक विकास की गति तेज होना शामिल है। इससे जम्मू-कश्मीर के लिए एक नए युग की शुरुआत हुई है।”
उन्होंने इसे जम्मू-कश्मीर को देश से जोड़ने और क्षेत्र के लोगों के जीवन में परिवर्तन लाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया।
उन्होंने बताया कि इंजीनियरिंग का अद्भुत नमूना माने जाने वाले चेनाब और अंजी रेल पुलों को राष्ट्र को समर्पित किया गया, जो इस परियोजना की तकनीकी उत्कृष्टता को दर्शाते हैं।
उन्होंने कहा, “श्री माता वैष्णो देवी-श्रीनगर वंदे भारत सेवा शुरू होने के बाद से अब तक 3.75 लाख से अधिक यात्रियों ने यात्रा की है, जिससे सफर आसान और तेज हुआ है। कटरा-अमृतसर रेल लाइन ने आध्यात्मिक कनेक्टिविटी को मजबूत किया है और श्रद्धालुओं की यात्रा को सुगम बनाया है।”
उन्होंने बताया कि 20 हजार टन से अधिक सेब और 1.5 लाख टन सीमेंट का परिवहन किया गया, जिससे किसानों और उद्योगों को लाभ मिला।
राजस्व संग्रह और सतर्कता पर श्री सिंघल ने कहा, “नए नॉन-फेयर रेवेन्यू कॉन्ट्रैक्ट्स के जरिए 94 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सुनिश्चित की गई, जबकि टिकट जांच अभियानों के दौरान 63 हजार से अधिक मामलों में 3.72 करोड़ रुपये की वसूली की गई।”
उन्होंने कहा कि समर्पित रेलवे कर्मचारी 24×7 सेवाएं दे रहे हैं, जिससे रिकॉर्ड यात्री आवागमन और क्षेत्रीय विकास सुनिश्चित हो रहा है।
