
बैतूल। जंगली सुअर के अवैध शिकार के मामले में रानीपुर वन विभाग ने वर्ष 2022 के लंबित प्रकरण में बड़ी कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। लंबे समय बाद हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शिकार में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।
वन विभाग की टीम ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेने के बाद जिला अस्पताल बैतूल में उनका मेडिकल परीक्षण कराया। गिरफ्तार आरोपियों में संबल गायकी, कालीचरण, फकीरा, गुलजी, अमरलाल, फूसा और गमन शामिल हैं।
मेडिकल परीक्षण के बाद वन विभाग ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यायालय ने सातों आरोपियों को जेल भेजने के आदेश दिए। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत अवैध शिकार के मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
