एसआईआर मुद्दा: विपक्ष के हंगामे कारण लोकसभा की कार्यवाही अपराह्न दो बजे तक स्थगित

नयी दिल्ली 01 दिसंबर (वार्ता) लोकसभा में शीतकालीन सत्र के पहले दिन सोमवार को मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया वापस लेने और इस पर चर्चा कराने की मांग को लेकर विपक्ष के हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही अपराह्न दो बजे तक के लिए तक स्थगित कर दी गयी।

इससे पहले पूर्वाह्न 11 बजे सदन के समवेत होने के कुछ देर बाद ही इसी मुद्दे पर विपक्ष के हंगामे के कारण कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित की थी।

दोपहर 12 बजे सदन की कार्यवाही प्रारम्भ होने पर पीठासीन अधिकारी संध्या राय ने आवश्यक दस्तावेज सदन के पटल पर रखवाये, इसके बाद उन्होंने शून्य काल शुरू कराना चाहा और विपक्षी दलों से सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से चलाने देने का आग्रह किया। कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के सदस्य हंगामा करते रहे। विपक्षी दलों के कई सदस्य सदन के बीचोंबीच आकर नारेबाजी और शाेरगुल करते रहे।

सुश्री राय ने शोरगुल कर रहे सदस्यों से अपने-अपने स्थान पर जाने और सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से चलाने में सहयोग करने का आग्रह किया। उनके आग्रह का विपक्षी दलों पर कोई असर नहीं हुआ वे हंगामा करते रहे।

इस पर सुश्री राय ने सदन की कार्यवाही अपराह्न दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

इससे पहले पूर्वाह्न 11 बजे कार्यवाही शुरू होते ही अध्यक्ष ओम बिरला ने मशहूर अभिनेता धर्मेंद्र, पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल, प्रोफेसर विजय कुमार मल्होत्रा समेत पांच दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने उसके बाद महिला एकदिवसीय क्रिकेट विश्व कप जीतने पर महिला क्रिकेट खिलाड़ियों और ब्लाइंड वीमेन क्रिकेट में विश्व कप हासिल करने पर खिलाड़ियों को सदन की ओर से शुभकामनाएं और बधाई दी।

श्री बिरला ने जैसे ही प्रश्नकाल शुरू कराने की कोशिश की कांग्रेस समेत सभी विपक्षी दल अपने स्थान पर खड़े होकर शोरशराबा करने लगे। अध्यक्ष ने सदस्यों को शांत रहने की अपील करते हुए कहा कि शीतकालीन का पहला दिन है, सभी से अपेक्षा है कि सदन में रचनात्मक भागीदारी निभायें। उन्होंने कहा कि जनता ने आपको चुनकर भेजा है, ताकि उनकी अपेक्षाओं-आकांक्षाओं पर यहां चर्चा की जा सके।

उन्होंने कहा कि नियोजित तरीके से सदन को बाधित करना अच्छी परंपरा नहीं है। हर बार सदन में बाधा उत्पन्न करना सही नहीं है। सदन चर्चा और संवाद के लिए है। प्रश्नकाल में चर्चा नहीं होती है।

अध्यक्ष ने भारतीय जनता पार्टी के अनुराग शर्मा का नाम प्रश्न के लिए जैसे ही पुकारा विपक्षी सदस्य सदन के बीचोंबीच आ गये और नारेबाजी करने लगे। विपक्षी सदस्यों ने एसआईआर वापस लो, एसआईआर के नारे लगाने लगे। हंगामे के बीच ही केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने जवाब देने की कोशिश की लेकिन हंगामा तेज हो गया। अध्यक्ष के बार-बार आग्रह के बाद भी सदस्य हंगामा करते रहे, तब सदन की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित कर दी थी।

 

Next Post

बरेली से पिपरिया मार्ग पर 50 साल पुराना पुल धंसा, मोटरसायकल से गुजर रहे 4 घायल

Mon Dec 1 , 2025
रायसेन: बरेली–पिपरिया मार्ग पर स्थित नया गांव पुल आज सोमवार सुबह अचानक धंसकर टूट गया, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। पुल से मोटरसाइकिल से गुजर रहे चार लोग हादसे में घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत निकालकर बरेली के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि मोटरसाइकिल पुल के मलबे […]

You May Like

मनोरंजन