
भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने हाईकोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ के परिसर में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापना का अनुरोध किया है। उन्होंने इस संबंध में सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को चिट्ठी लिखी है। उन्होंने कहा कि प्रतिमा स्थापना का कार्य न्यायालय की अनुमति और सहमति के अनुरूप प्रारंभ हुआ था। यह कार्य भारतीय संविधान के प्रति हमारी निष्ठा और डॉ. अंबेडकर के ऐतिहासिक योगदान को सम्मानित करने का प्रतीक है।
ऐसी जानकारी मिल रही है कि कुछ समूहों द्वारा इस विधिसम्मत कार्य का विरोध किया जा रहा है। इससे प्रतिमा स्थापना में अनावश्यक बाधाएं उत्पन्न हो रही हैं। यह विरोध न केवल संवैधानिक मूल्यों के प्रति असम्मान को दर्शाता है, बल्कि देश की जनता की भावनाओं को भी ठेस पहुंचाता है। उन्होंने कहा
मध्यप्रदेश कांग्रेस डॉ. अंबेडकर और उनके द्वारा रचित संविधान के प्रति पूर्ण निष्ठा और समर्पण रखती है। हमारी दृढ़ और स्पष्ट मान्यता है कि न्याय के मंदिर में संविधान निर्माता की प्रतिमा स्थापना न केवल न्यायोचित है, बल्कि यह संवैधानिक प्रदत्त न्याय और समानता के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को भी और सशक्त करेगी।
उन्हों चीफ जस्टिस से अनुरोध किया
कि सभी के समन्वय से मध्य प्रदेश हाईकोर्ट, ग्वालियर खंडपीठ परिसर में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापना को शीघ्र सुनिश्चित करवाने की कृपा करें।
