
इंदौर. वन विभाग की तत्परता से शुक्रवार दोपहर को एक बड़ा हादसा टल गया. इंदौर के समीप दतोदा गांव में एक तेंदुआ पुराने कुएं में गिर गया. सूचना मिलते ही राला मंडल की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और महज एक घंटे से भी कम समय में तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.
फॉरेस्ट रेंजर योगेश यादव ने बताया कि तेंदुआ फिलहाल राला मंडल स्थित सुरक्षित स्थान पर रखा गया है. उसकी मेडिकल जांच के लिए वाइल्ड डॉक्टरों की टीम को बुलाया गया है, जिसका इंतजार किया जा रहा है. वन विभाग के अनुसार तेंदुआ पूरी तरह से सतर्क और सामान्य स्थिति में है. मेडिकल जांच के बाद उसे आगे जंगल में छोड़े जाने या अन्य प्रक्रिया पर निर्णय लिया जाएगा.
