बुधनी। नगर परिषद द्वारा वन विभाग की भूमि पर अवैध रूप से सीसी रोड निर्माण किए जाने का मामला सामने आने पर वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. बीते एक सप्ताह से नगर के वार्ड 6 एवं 7 में वन विभाग की भूमि पर अतिक्रमण कर सीसी रोड़ का निर्माण कार्य कराया जा रहा था.
वन परिक्षेत्र अधिकारी रंजित द्विवेदी के निर्देश पर डिप्टी रेंजर पीएल राठौर द्वारा मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य में लगी ठेकेदार की मिक्सर मशीन जप्त कर ली गई. इसके साथ ही निर्माण कार्य तत्काल रुकवा दिया गया.
वन विभाग का कहना है कि संबंधित भूमि वन विभाग के अधीन है, जबकि नगर परिषद द्वारा उक्त भूमि को अपनी बताते हुए सड़क निर्माण कराया जा रहा था. इस पर वन परिक्षेत्र अधिकारी ने सीएमओ से कहा है कि यदि भूमि नगर परिषद की है तो उससे संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत किए जाएं, उसके पश्चात ही निर्माण कार्य की अनुमति दी जाएगी. उल्लेखनीय तथ्य यह है कि जिस सीसी रोड़ का निर्माण किया जा रहा था, वह मूलत: जाटव मोहल्ला, वार्ड 12 के लिए स्वीकृत थी, लेकिन बिना किसी प्रस्ताव एवं प्रशासनिक स्वीकृति के वन भूमि पर सड़क निर्माण कराया जा रहा था. लोगों में इस कार्रवाई के बाद चर्चाओं का दौर तेज हो गया है. आरोप यह भी लगाए जा रहे हैं कि नगर परिषद द्वारा पूर्व में भी नियमों को ताक पर रखकर सीसी रोड़ निर्माण कराते हुए कुछ विशेष व्यक्तियों को लाभ पहुंचाया गया. ऐसे मामलों को शासकीय धन के दुरुपयोग से जोड़कर देखा जा रहा है. अब देखना यह होगा कि नगर परिषद भूमि संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत कर पाती है या नहीं, अथवा इस मामले में आगे और प्रशासनिक कार्रवाई होती है.
