इंदौर: लक्ष्मीबाई नगर यार्ड में चल रहे फेज-2 रीमॉडलिंग कार्य का असर अब रेल यातायात पर दिखाई देने लगा है. पश्चिम रेलवे ने 11 जून को इंदौर, उज्जैन, रतलाम और डॉ. अंबेडकर नगर रूट पर चलने वाली कई ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया है. इसके तहत चार पैसेंजर ट्रेनों को पूरी तरह निरस्त किया गया है.जबकि आठ डेमू ट्रेनों का संचालन आंशिक रूप से प्रभावित रहेगा. कई महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों को भी परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा. रेलवे के अनुसार 11 जून को उज्जैन-इंदौर और इंदौर-उज्जैन के बीच संचालित चार पैसेंजर ट्रेनें रद्द रहेंगी. इसके अलावा रतलाम और डॉ. अंबेडकर नगर के बीच चलने वाली आठ डेमू ट्रेनें लक्ष्मीबाई नगर स्टेशन तक ही संचालित होंगी. ये ट्रेनें लक्ष्मीबाई नगर और डॉ. अंबेडकर नगर के बीच नहीं चलेंगी, जिससे इस खंड के यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.
लंबी दूरी की ट्रेनों का मार्ग भी बदले
यार्ड कार्य के कारण कई लंबी दूरी की ट्रेनों के मार्ग भी बदले गए हैं. रामेश्वरम–फिरोजपुर कैंट हमसफर एक्सप्रेस, रतलाम-ग्वालियर एक्सप्रेस, भिंड-रतलाम एक्सप्रेस, इंदौर-नागपुर वंदे भारत, नागपुर-इंदौर वंदे भारत, प्रयागराज-डॉ. अंबेडकर नगर एक्सप्रेस, इंदौर-जोधपुर एक्सप्रेस और जोधपुर-इंदौर एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनें निर्धारित मार्ग के बजाय वैकल्पिक रूट से संचालित होंगी. इसके चलते कुछ ट्रेनें इंदौर, देवास और फतेहाबाद जैसे स्टेशनों पर नहीं जाएंगी.
यात्री ट्रेन की स्थिति जांच लें
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यार्ड रीमॉडलिंग का कार्य पूरा होने के बाद रेल संचालन अधिक सुगम और सुरक्षित होगा. फिलहाल यात्रियों को यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति और मार्ग की जानकारी अवश्य जांच लेने की सलाह दी गई है
