दहोटा घाट के जंगल में मिला व्यापारी का शव

सीहोर।जिले के शाहगंज थाना क्षेत्र स्थित दहोटा घाट के जंगल में नर्मदापुरम के प्रतिष्ठित व्यापारी 39 वर्षीय विवेक शर्मा उर्फ अविनाश शर्मा का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरु की है. परिजनों के अनुसार विवेक शर्मा शुक्रवार को मंडीदीप से अपनी कार से नर्मदापुरम के लिए रवाना हुए थे. लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचे. उनका मोबाइल अचानक बंद हो गया. परिजन लगातार संपर्क की कोशिश करते रहे, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. अनहोनी से आशंकित परिजनों ने मंडीदीप थाने में विवेक शर्मा की गुमशुदगी दर्ज कराई थी.

गौरतलब है कि सोमवार सुबह के समय कुछ ग्रामीणों ने दहोटा घाट के घने जंगल में एक शव पड़ा देखा. उन्होंने इसकी सूचना शाहगंज पुलिस को दी. पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. थाना प्रभारी दिनेश सिंह चौहान ने शव की शिनाख्त कर पंचनामा तैयार कराया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए बुदनी अस्पताल भेज दिया. घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुंचे एसडीओपी रवि शर्मा ने कहा कि मामला अत्यंत संदिग्ध प्रतीत हो रहा है. शव की स्थिति और घटनास्थल के हालात यह संकेत दे रहे हैं कि यह कोई सामान्य मौत नहीं है. पुलिस हत्या की आशंका को लेकर जांच कर रही है. आसपास के सीसीटीवी कैमरों, मृतक की कॉल डिटेल्स और आवागमन के मार्गों की बारीकी से जांच की जा रही है. इधर नर्मदापुरम में विवेक शर्मा की मौत की खबर पहुंचते ही परिजन भी वहां आ गए. वे इसे हत्या बता रहे हैं और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं. फिलहाल सभी की निगाहें पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे मौत की असली वजह सामने आ सके. इधर पुलिस के अनुसार पूरा मामला हत्या से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. हालांकि पुलिस आधिकारिक तौर पर कुछ कहने से बच रही है, लेकिन सूत्रों का दावा है कि पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है. इस पूरी वारदात में 4 से 5 लोगों की संलिप्तता होने की आशंका पुलिस जता रही है. संभवत: शीघ्र ही मामले का खुलासा हो सकता है. फिलहाल इस मामले से सनसनी का माहौल बना हुआ है.

खेत पर पार्टी करने के बाद निकला था व्यापारी

पुलिस सूत्रों के अनुसार विवेक शर्मा शुक्रवार को मंडीदीप आए थे। यहां उन्होंने अपने दोस्त नीरज सेन के लोरका पिपलिया रोड स्थित खेत पर राहुल साहू सहित अन्य लोगों के साथ पार्टी की थी. नीरज सेन ने पुलिस को बताया कि रात करीब 11 बजे अविनाश अपनी हुंडई वेन्यू कार से अकेले नर्मदापुरम के लिए रवाना हो गया था. इसके बाद वह न तो घर पहुंचा और न ही उसका कोई पता चला. पुलिस सभी पहुलओं को देखते हुए मामले की पड़ताल में जुट गई है.

अज्ञात व्यक्ति ने रिसीव किया मोबाइल

बताया जाता है कि मंडीदीप से निकलने के बाद विवेक का मोबाइल बंद हो गया था. शनिवार शाम को फोन चालू हुआ तो परिजनों ने कॉल किया. लेकिन फोन एक अज्ञात व्यक्ति ने उठाया. उसने बताया कि फोन रातापानी क्षेत्र में एक ढाबे के पास पड़ा मिला है. पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए घटनाक्रम की कडिय़ां जोड़ रही है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच भी की जा रही है.

Next Post

आरक्षक की आत्महत्या के बाद पत्नी नर्स ने किया जहरीला पदार्थ का सेवन, भर्ती

Mon Dec 29 , 2025
दमोह। सागर सिटी कोतवाली में पदस्थ आरक्षक रूपेश साहू निवासी दमोह ने अपने निवास पर ही जहरीला पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या कर ली थी, इसी दौरान जैसे ही पती मृत की खबर जिला अस्पताल में पदस्थ नर्स पत्नी को लगी तो उसने भी जहरीला पदार्थ का सेवन कर लिया, […]

You May Like