स्मार्ट सिटी डेटा सेंटर में पुलिस अधिकारियों व ऑटो चालक संघ के बीच संवाद
जबलपुर: स्मार्ट सिटी डेटा सेंटर में दिनांक 12 जनवरी 2026 को स्मार्ट सिटी ऑटो चालक संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) अंजना तिवारी, उप पुलिस अधीक्षक यातायात गढ़ा बैजनाथ प्रजापति, सूबेदार मनीष एवं सूबेदार राहुल सिंह उपस्थित रहे। ऑटो चालक संघ की ओर से अध्यक्ष लालू सोमयानी, कोषाध्यक्ष राजू रजाक खान सहित लगभग 100 ऑटो चालक बैठक में शामिल हुए। बैठक का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना, ई-रिक्शा संचालन के दिशा-निर्देशों तथा वाहन पंजीकरण व दस्तावेजों से जुड़े विषयों पर चर्चा करना रहा।
इस अवसर पर हार्टफुलनेस संस्था के के.के. श्रीवास्तव एवं मनोज गुप्ता के सहयोग से ऑटो चालकों को ध्यान मुद्रा के माध्यम से मानसिक एकाग्रता का अभ्यास कराया गया। साथ ही चालकों को यातायात नियमों के पालन, सुरक्षित वाहन संचालन, शराब पीकर वाहन न चलाने, निर्धारित वर्दी पहनने, शालीन व्यवहार एवं निर्धारित किराया लेने के निर्देश दिए गए। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े किए जाएं, सड़क पर कहीं भी सवारी न बैठाई जाए तथा सभी वैध दस्तावेज पूर्ण रखें। अंत में सभी चालकों से यातायात नियमों का पालन कर शहर को सुरक्षित व सुव्यवस्थित बनाने में सहयोग की अपील की गई
