लखनपुर सेवा सहकारी समिति में फर्जी किसान पंजीयन का आरोप, जांच लंबित

जबलपुर: जिले की लखनपुर सेवा सहकारी समिति में फर्जी किसान पंजीयन से जुड़ा मामला सामने आया है। किसानों ने आरोप लगाया है कि समिति में किए गए कथित फर्जी पंजीयनों की जांच चल रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है। इसे लेकर किसानों में आक्रोश है और उन्होंने कलेक्टर राघवेंद्र सिंह से शिकायत की है।शिकायतकर्ताओं का कहना है कि लखनपुर समिति के एक ऑपरेटर द्वारा फर्जी पंजीयन किए गए, जिनकी जांच जारी है। किसानों ने खाद्य आपूर्ति नियंत्रक पर समिति के ऑपरेटर के परिजनों से कथित सांठगांठ कर मामले को कमजोर करने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। किसानों का दावा है कि जांच को प्रभावित करने के लिए समिति की आईडी हैक होने की दलील सामने लाई गई, जिसे वे भ्रामक बता रहे हैं।
आईडी हैक की दलील पर सवाल
किसानों के अनुसार जिन पंजीयनों को फर्जी बताया जा रहा है, वे स्वयं संबंधित व्यक्तियों और उनके सहयोगियों द्वारा किए गए हैं। मामला उजागर होने के बाद बचाव के तौर पर आईडी हैक होने का आवेदन दिया गया, जिस पर किसानों ने सवाल खड़े किए हैं।
पूर्व में भी फर्जीवाड़े के आरोप
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि पूर्व वर्षों में कापा और खांड समितियों में फर्जी किसानों के नाम पर भुगतान होने के आरोप लगे थे, जबकि वास्तविक किसान आज भी भुगतान के लिए भटक रहे हैं। किसानों का कहना है कि कुछ बिचौलियों का नेटवर्क कई समितियों को प्रभावित कर रहा है।इस मामले की शिकायत कलेक्टर के साथ-साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग की प्रमुख सचिव को भी की गई है।इस संबंध में खाद्य आपूर्ति विभाग के संबंधित अधिकारियों से संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो सका। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

Next Post

जबलपुर की खूबसूरती पर्दे पर दिखे, यहां फिल्मों की शूटिंग हो

Tue Jan 13 , 2026
जबलपुर आगमन पर वॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता डॉ. गोविंद नामदेव से नवभारत की विशेष बातचीत जबलपुर: हिंदी सिनेमा और रंगमंच की दुनिया में अपनी दमदार खलनायक व चरित्र भूमिकाओं से अलग पहचान बनाने वाले प्रख्यात अभिनेता डॉ. गोविंद नामदेव जबलपुर प्रवास पर रहे। इस दौरान नवभारत के पत्रकार अमन पटेल […]

You May Like