
उज्जैन। नवभारत की एक बड़ी खबर का असर त्वरित तौर पर हुआ है, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंच से घोषणा करते हुए सार्वजनिक तौर पर कहा कि जिस खेल स्टेडियम में यह लोकार्पण और भूमिपूजन कार्यक्रम हो रहा है। वहीं अंतरराष्ट्रीय स्तर के मैच होंगे और जल्द ही यहां पर हॉकी स्टेडियम बनेगा इसके टेंडर भी कर दिए गए हैं।
गौरतलब है कि नवभारत समाचार पत्र द्वारा हॉकी प्रतियोगिता को लेकर प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किया गया था कि राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता की फाइल बनी फुटबॉल जिसमें यह भी उल्लेख किया था कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री का गृह नगर है उज्जैन और यहां पर रूपसिंह गोल्ड हॉकी प्रतियोगिता कराए जाने में कोताही बरती जा रही है। पिछले 45 सालों से ये प्रतियोगिता हो रही थी। देश-प्रदेश समेत उज्जैन में भी ऐसे प्रतिभावान खिलाड़ी है जिन्हें प्रतियोगिता होने से एक बड़ा मंच मिल सकता है। बावजूद इसके राष्ट्रीय हॉकी फेडरेशन तक नगर निगम ने फाइल नहीं भिजवाई। मुख्यमंत्री ने कहा है कि सिंहस्थ 2028 को भव्य, दिव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए उज्जैन में आधारभूत संरचना को मजबूत किया जा रहा है। सडक़, यातायात, आवास, खेल, गौ-संवर्धन और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्य प्राथमिकता के साथ किए जा रहे हैं, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
129 करोड रुपए के भूमि पूजन और लोकार्पण
सोमवार को नानाखेड़ा स्थित विजयाराजे सिंधिया खेल स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 129.18 करोड़ रुपये की लागत से 12 विकास एवं निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। साथ ही उत्कर्ष उज्जैन पोर्टल कौशल सेतु कार्यक्रम और प्रोजेक्ट स्वाध्याय (कोडिंग फॉर ऑल) का शुभारंभ भी किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और कन्या पूजन के साथ हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि महाकाल की पावन भूमि पर विकास की प्रक्रिया अविराम है। उज्जैन में हो रहा यह विकास केवल सिंहस्थ तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आने वाले वर्षों में शहर की पहचान को विश्व मे नई ऊंचाई देगा। मुख्यमंत्री ने उज्जैन प्रवास के दौरान फ्रीगंज स्थित अखंड ज्योति हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और विकास की कामना की। इसके बाद लोकशक्ति भवन में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का शुभारंभ और अवलोकन किया। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।संभाग आयुक्त आशीष सिंह ,उज्जैन उत्तर विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, नगर निगम सभापति कलावती यादव, महापौर मुकेश टटवाल, सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक सतीश मालवीय, उमेश नाथ महाराज, कलेक्टर रोशन कुमार सिंह, एसपी प्रदीप शर्मा, एमपीआईडीसी के कार्यकारी निदेशक राजेश राठौर समेत अनेक नेता अफसर उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने यह सौगात दी
गौशाला में अधोसंरचना विकास, गौमाताओं के संरक्षण, चारा, पानी और देखरेख की बेहतर व्यवस्थाएं की जाएंगी। नानाखेड़ा चौराहा से शांति पैलेस एमआर-2 मार्ग चौड़ीकरण (9.44 करोड़)इस मार्ग के चौड़ीकरण से नानाखेड़ा क्षेत्र में ट्रैफिक दबाव कम होगा और सिंहस्थ के दौरान आवागमन सुगम बनेगा। सांदीपनि चौराहा से उदयन मार्ग तक सडक़ चौड़ीकरण व सेंट्रल डिवाइडर (13.12 करोड़) इस कार्य से यातायात व्यवस्था सुरक्षित होगी और दुर्घटनाओं में कमी आएगी। पंवासा क्षेत्र में ईडब्ल्यूएस कॉलोनी विकास (8.75 करोड़) आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए आवासीय सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। हनुमान नाका से हरिफाटक तक मार्ग चौड़ीकरण (5.93 करोड़), महाकाल मंदिर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने में यह मार्ग महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। धार्मिक और भीड़भाड़ वाले इस क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा। कानीपुरा में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स निर्माण (3.47 करोड़) युवाओं और खिलाडिय़ों को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी। ढांचा भवन से एमआर-5 तक सडक़ चौड़ीकरण (12.82 करोड़), सिंहस्थ क्षेत्र से जुड़ी महत्वपूर्ण कनेक्टिविटी विकसित होगी। गाड़ी अड्डा चौराहा से ढांचा भवन होते हुए रणकेश्वर महादेव मंदिर तक एमआर-4 रोड चौड़ीकरण (38.38 करोड़)यह उज्जैन की प्रमुख सडक़ों में से एक है, जिससे शहर के बड़े हिस्से को सीधा लाभ मिलेगा। नवीन जनपद पंचायत भवन निर्माण (5.25 करोड़)ग्रामीण प्रशासन को बेहतर सुविधाएं और व्यवस्थित कार्यालय व्यवस्था उपलब्ध होगी।
