जबलपुर: पाटन वन परिक्षेत्र स्थित कटंगी के ग्राम मुर्रई में तेंदुआ के हमले से घायल हुए मजदूर की स्थिति अब ठीक हो चुकी है। कुछ दिनों पहले मुर्रई गांव के खेत में जब काम करते वक्त तेंदुआ ने मजदूर पर हमला किया था तो उसको पीठ, सीने पर गंभीर चोटें आई थीं जिसे देखकर ये कयास लगाए जा रहे थे कि मजदूर का बचना मुश्किल है। लेकिन वन विभाग के द्वारा तत्काल मजदूर को चिकित्सीय सुविधा दी गई और अब मजदूर की स्थिति ठीक है।
उधर कटंगी के पास ही ककरेहटा, कुसली गांव में बीते कुछ दिनों ने तेंदुआ का मूवमेंट किसानों ने देखा है जिसके बाद किसानों में तेंदुआ को लेकर काफी दहशत व्याप्त है। आलम ये है कि शाम के वक्त अधिकतर लोग अपने-अपने घरों में कैद हो रहे हैं। वहीं वन विभाग की टीम द्वारा क्षेत्र में लगातार मुनादी कराई जा रही है और सतर्क रहने कहा जा रहा है। स्थानीय किसानों का कहना है कि वन विभाग पिंजरा तो लगा रहा है लेकिन तेंदुआ उसमें अभी तक नहीं फंस सका है।
भगवान कहा शुक्रिया
नवभारत से चर्चा के दौरान मुर्रई के घायल मजदूर ने कहा कि वह मौत के मुंह से बाहर आया है और उसका शुक्रिया वह सिर्फ भगवान को देना चाहता है। चर्चा के दौरान मजदूर ने ये भी कहा कि उस पर जब तेंदुआ ने हमला किया तो उसने तेंदुआ से भी ज्यादा तेज दौड़ लगाई, हमला हेाने के बाद भी उसने अपना साहस कम नहीं किया और उठकर भागता रहा, अंत में इस तरह फिर उसकी जान बच गई।
