ग्वालियर: मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी ने ग्वालियर शहर जिला कांग्रेस कमेटी की नई कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की स्वीकृति के बाद जारी आदेश में शहर कांग्रेस संगठन के विभिन्न पदों पर कुल 52 पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।जारी सूची के अनुसार इब्राहीम पठान को संगठन महामंत्री तथा देवेंद्र सिंह को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
कार्यकारिणी में कई वरिष्ठ नेताओं को उपाध्यक्ष, महासचिव और सचिव पद की जिम्मेदारी दी गई है। सूची में उपाध्यक्ष, महासचिव, सचिव, प्रवक्ता तथा सोशल मीडिया प्रभारी जैसे विभिन्न पद शामिल हैं। प्रवक्ता के रूप में राजेश बाबू जाटव को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि सोशल मीडिया प्रभारी के रूप में विकराल उपाध्याय और अरविंद किरार को नियुक्त किया गया है।
प्रदेश कांग्रेस द्वारा जारी इस नई कार्यकारिणी को आगामी संगठनात्मक गतिविधियों और चुनावी तैयारियों को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नई टीम से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कांग्रेस की गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
मुख्य नियुक्तियां
संगठन महामंत्री – इब्राहीम पठान
कोषाध्यक्ष – देवेंद्र सिंह
प्रवक्ता – राजेश बाबू जाटव
सोशल मीडिया प्रभारी – विकराल उपाध्याय, अरविंद किरार
प्रदेश कांग्रेस द्वारा जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू माना जाएगा।
पार्टी में लगी इस्तीफों की झड़ी :
कार्यकारिणी की सूची जारी होते ही वरिष्ठ नेता लतीफ खान मल्लू एवं ऊदल सिंह थाटीपुर ने सचिव पद से इस्तीफा दे दिया है। लतीफ खान मल्लू तत्कालीन जिला अध्यक्ष दर्शन सिंह की कार्यकारिणी में संगठन महामंत्री और ऊदल सिंह पूर्व जिला देवेन्द्र शर्मा के कार्यकाल में जिला उपाध्यक्ष थे। दोनों अपने जबरदस्त डिमोशन से नाराज हैं। पुरानी कार्यकारिणी में जिला महासचिव पद पर रहे पिकी पंडित और पप्पू श्रीवास भी डिमोशन कर सचिव बनाए जाने से नाराज बताए गए हैं। पिंकी पंडित ने पूर्व विधायक प्रवीण पाठक से इस संबंध में बात भी की है।
