इटारसी:गोरखपुर से लोकमान्य तिलक टर्मिनस जा रही कुशीनगर एक्सप्रेस के इंजन में रविवार दोपहर तकनीकी खराबी (कनेक्टर फॉल्ट) आने से हड़कंप मच गया। इंजन से अचानक धुआं उठते देख लोको पायलट ने सतर्कता बरतते हुए ट्रेन को इटारसी के नाला मोहल्ला आउटर पर रोक दिया। इस घटना के कारण ट्रेन को नया इंजन लगाकर 1 घंटे 9 मिनट की देरी से रवाना किया, जिससे स्टेशन के आसपास का रेल यातायात भी प्रभावित रहा। घटना रविवार दोपहर करीब 12:17 बजे की है। आउटर पर ट्रेन रुकने की सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी और तकनीकी टीम तुरंत मौके पर पहुंचे। प्राथमिक जांच के बाद ट्रेन को वापस इटारसी रेलवे स्टेशन लाया गया। यहां खराब इंजन को हटाकर दूसरा इंजन लगाया गया, जिसके बाद दोपहर 1:44 बजे ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना किया जा सका। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान यात्रियों को स्टेशन पर लंबा इंतजार करना पड़ा।
अन्य ट्रेनों पर पड़ा असर
कुशीनगर एक्सप्रेस के आउटर पर खड़े होने के कारण पीछे से आ रही और आसपास से गुजरने वाली कई ट्रेनों को विभिन्न सिग्नलों पर रोकना पड़ा। रेलवे ने वैकल्पिक व्यवस्था के जरिए यातायात सामान्य किया।
• श्रीगंगानगर-हुजूर साहिब नांदेड़ एक्सप्रेस (12486) : सिग्नल नंबर 107 पर करीब 30 मिनट तक खड़ी रही।
• महानगरी एक्सप्रेस (22177) : भुसावल से इटारसी आते समय सिग्नल नंबर 28 पर लगभग 10 मिनट रुकी रही।
• आमला-इटारसी मेमू (61121) : सिग्नल नंबर 26 पर करीब 10 मिनट तक खड़ी रही।
• पवन एक्सप्रेस (11062) : इस ट्रेन के परिचालन को प्रभावित होने से बचाने के लिए इसे इटारसी की थर्ड लाइन से निकाला गया।
