मिस्र के राष्ट्रपति सिसी और सीआईए प्रमुख रैटक्लिफ के बीच काहिरा में ईरान, गाजा और सूडान पर चर्चा

काहिरा, 20 सितंबर (वार्ता) मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल-फत्ताह अल-सिसी ने रविवार को अमेरिकी सेंट्रल इंटेलिजेंस एजेंसी (सीआईए) के निदेशक जॉन रैटक्लिफ के साथ द्विपक्षीय बैठक की। इस दौरान दोनों नेताओं ने ईरान, गाजा और सूडान सहित विभिन्न क्षेत्रीय घटनाक्रमों पर गहन चर्चा की।

मिस्र के राष्ट्रपति कार्यालय के जारी बयान के अनुसार, बैठक के दौरान राष्ट्रपति सिसी ने ‘ईरानी संकट को हल करने वाले एक व्यापक समझौते’ के प्रयासों के प्रति मिस्र के समर्थन को दोहराया। उन्होंने कहा कि ऐसा समझौता क्षेत्रीय सुरक्षा और स्थिरता को बहाल करने के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय नौवहन की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने में मदद करेगा।

गाजा की स्थिति पर श्री सिसी ने युद्धविराम को मजबूत करने के लिए अमेरिका द्वारा प्रस्तावित योजना के दूसरे चरण को पूरी तरह लागू करने का आह्वान किया। उन्होंने नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और क्षेत्र तक निर्बाध मानवीय सहायता पहुंचाने पर जोर दिया। इसके साथ ही, उन्होंने अंतरराष्ट्रीय प्रस्तावों और दो-राष्ट्र समाधान के आधार पर फलस्तीनी मुद्दे के न्यायसंगत और व्यापक समाधान के लिए राजनीतिक प्रक्रिया फिर से शुरू करने का माहौल बनाने का आग्रह किया।

सूडान के मुद्दे पर श्री सिसी ने देश की एकता, स्थिरता और राष्ट्रीय संस्थानों के प्रति मिस्र के समर्थन को दोहराते हुए सूडान की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता को ‘अपरिवर्तनीय सिद्धांत’ बताया। दोनों नेताओं ने सोमालिया और हॉर्न ऑफ अफ्रीका के घटनाक्रमों पर भी चर्चा की, जहाँ श्री सिसी ने सोमालिया की संप्रभुता में किसी भी हस्तक्षेप को खारिज करते हुए उसकी सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता जताई।

सीआईए निदेशक रैटक्लिफ ने गाजा युद्धविराम समझौते में मिस्र की ‘महत्वपूर्ण भूमिका’ और क्षेत्रीय स्थिरता के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने क्षेत्रीय सुरक्षा, आतंकवाद विरोधी अभियानों और संगठित अपराध से निपटने के लिए सीआईए और मिस्र की जनरल इंटेलिजेंस सर्विस के बीच सहयोग और समन्वय बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया।

Next Post

दिल्ली के सीईओ का स्पष्टीकरण: एसआईआर नोटिस का मतलब यह नहीं है कि वोटर का नाम हटा दिया जाएगा

Sun Sep 20 , 2026
नयी दिल्ली, 20 सितंबर (वार्ता) दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) ने रविवार को कहा कि मतदाता सूची के जारी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान कुछ मतदाताओं को दिए जा रहे नोटिस सत्यापन प्रक्रिया का हिस्सा हैं और नोटिस जारी होने का मतलब यह नहीं है कि उन मतदाताओं […]

You May Like