
अनूपपुर। अनूपपुर वन मंडल में विनियर मशीन स्थापना के लिए जारी की गई तीन अनुज्ञप्तियों को वर्तमान डीएफओ विपिन कुमार पटेल ने नियमविरुद्ध बताते हुए निरस्त कर दिया है। ये अनुज्ञप्तियाँ तत्कालीन प्रभारी डीएफओ श्रद्धा पंद्रे द्वारा जारी की गई थीं। जांच में पाया गया कि इन अनुमति पत्रों के लिए राज्य स्तरीय समिति (एस.एल.सी.) से अनुमोदन नहीं लिया गया था, जो कि भारत सरकार के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन है।
वन विभाग द्वारा 24 जुलाई 2025 को जारी पत्रों में स्पष्ट किया गया है कि यह निर्णय पर्यावरण मंत्रालय के 2017 के संशोधित नियमों के उल्लंघन के आधार पर लिया गया। अब सवाल उठता है कि श्रद्धा पंद्रे ने किस आधार पर और इतनी जल्दबाजी में अनुमति जारी की। यह मामला उनकी कार्यशैली, निर्णय प्रक्रिया और विभागीय मर्यादा पर प्रश्नचिन्ह खड़ा करता है। अब देखना यह होगा कि क्या विभागीय स्तर पर उनके खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
