
उज्जैन। गंभीर नदी और उंडासा तालाब में 2 युवकों की डूबने से मौत हो गई। सोमवार को दोनों के कुछ घंटे के अंतराल में पुलिस ने पोस्टमार्टम कराए। मामले में मर्ग कायम किया गया है। भैरवगढ़ थाना पुलिस ने बताया कि गंभीर नदी में सोमवार दोपहर को कृष्णा पिता सुनील चावला 17 वर्ष निवासी नईखेड़ी डूब गया था। ग्राम बड़वाई में हुई घटना की खबर उसके साथ नहाने गये युवको ने गांव वालों को दी। गांव वालों ने मौके पर पहुंच तलाश शुरू की। करीब एक घंटे बाद उसका शव बाहर निकाला गया। परिजन मौके पर पहुंच गये थे। शव चरक अस्पताल लाया गया। सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस के अनुसार उसके साथ नहाने गये दोस्तों के बयान दर्ज करने पर डूबने का कारण सामने आ पायेगा। इससे पहले रविवार को उंडासा तालाब में गौरव पिता रामचरण जायसवाल 18 वर्ष निवासी देवास डूब गया था। उसे भी गांव वालों ने बाहर निकाला। बताया जा रहा था कि गौरव अपने जीजा के यहां मान के कार्यक्रम में ढांचा भवन आया था और रिश्तेदारों के साथ नहाने के लिये उंडासा तालाब गया था। जहां डोंगी में 3 साथियों के साथ चढ़ गया और तलाबा के बीच पहुंच गया। डोंगी पलटने से चारों डूबने लगे थे। 3 को बचाकर लोगों ने बाहर निकाल लिया था, लेकिन गौरव गहराई में चला गया था।
