बहू को जिंदा जलाने का किया था प्रयास, एफआईआर दर्ज

जबलपुर: अधारताल अंतर्गत अमखेरा में सास और पति ने मिलकर बहू को जिंदा जलाने का प्रयास किया था। वारदात को हादसे का रूप देने के लिए आरोपियों ने झुलसी हालत में महिला को रातभर घर में कैद रखा और हक में वीडियो बनाने के लिए जान से मारने की धमकी दी थी, पुलिस ने लंबी जांच के बाद पीड़िता के बयानों के आधार पर पति और सास के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।

पुलिस ने बताया कि कटनी जिले के कुठला की रहने वाली उर्मिला कोरी ने अपनी बेटी नंदनी (26) का विवाह 7 वर्ष पहले अमखेरा निवासी वीरेन्द्र कोरी से किया था। शादी के बाद से ही पति वीरेन्द्र और सास जयंती कोरी उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। नंदनी जब भी मायके से रुपए या सोने-चांदी के जेवर लेकर आती, पति उसे छीनकर बेच देता और मारपीट कर मायके भगा देता था।

बीती 10 अप्रैल की रात करीब 11:45 बजे नंदनी किचन में अपनी मासूम बेटी के लिए दूध गर्म कर रही थी। इसी बीच पति वीरेन्द्र उससे विवाद करने लगा। शोर सुनकर सास जयंती कोरी भी वहां पहुंच गई। विवाद के दौरान सास ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए नंदनी की साड़ी का पल्लू जलते हुए गैस बर्नर पर रख दिया। देखते ही देखते साड़ी ने आग पकड़ ली थी। नंदनी जान बचाने के लिए चीखती रही, लेकिन पति वीरेन्द्र मूकदर्शक बनकर खड़ा तमाशा देखता रहा। बाद में ससुर मदन कोरी ने दौड़कर आग बुझाई और पति ने पानी डाला था।
तड़पती हुई कैद कर रखा और हक में वीडियो बनाने का बनाया था दबाव-
नंदनी को रातभर घर में छुपाकर रखा और उस पर दबाव बनाया कि वह अपने पति-सास के पक्ष में सफाई देते हुए वीडियो रिकॉर्ड करे, ऐसा न करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई। सुबह लगभग 5 बजे नंदनी की चाची सास ने उसे गंभीर हालत में तड़पते देखा, जिसके बाद उन्होंने उसे तत्काल संजीवनी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत में सुधार न होने पर पीड़िता को मोहनलाल हरगोविंददास अस्पताल रेफर किया गया था। लंबी जांच बाद एफआईआर दर्ज की गई है

Next Post

रंगदारी न देने पर दो युवकों पर चाकू से हमला

Sun Jul 12 , 2026
जबलपुर: हनुमानताल और रांझी थाना क्षेत्रों में रंगदारी न देने पर दो युवकों पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया।जानकारी अनुसार हनुमानताल दादामिया दरगाह के पास शहनवाज कुरैशी (24) से अल्ताफ और उसके साथी ने 500 रुपये मांगे। मना करने पर चाकू मारकर लहुलूहान कर दिया। इसी प्रकार रांझी थाना […]

You May Like