राधाकृष्णन ने की मोदी से मुलाकात

नयी दिल्ली, 18 अगस्त (वार्ता) राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उप राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार और महाराष्ट्र के राज्यपाल सी पी राधाकृष्णन ने सोमवार को यहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की।

श्री राधाकृष्णन आज ही, मुंबई से यहां पहुंचे। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास जाकर श्री मोदी से मुलाकात की। श्री मोदी ने उन्हें राजग का उप राष्ट्रपति पद का प्रत्याशी बनने पर शुभकामनाएं दीं और कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में उनके लंबे अनुभव से देश लाभान्वित होगा।

प्रधानमंत्री ने इस मुलाकात के बाद एक्स पर लिखा, “सी पी राधाकृष्णन जी से मुलाकात की। उनके राजग का उप राष्ट्रपति पद का प्रत्याशी बनने पर उन्हें शुभकामनाएं दीं। उनकी सार्वजनिक सेवाओं और विभिन्न क्षेत्रों का लंबा अनुभव देश को लाभ पहुंचायेगा। आशा करता हूं कि वह हमेशा इसी समर्पण और संकल्प के साथ देश की सेवा करते रहेंगे। ”

इससे पहले मुंबई से दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने पर केंद्रीय मंत्रियों किरेन रिजिजू, प्रह्लाद जोशी, तथा भूपेंद्र यादव और केंद्रीय मंत्री एवं तेलुगूदेशम पार्टी के नेता के़ राम मोहन नायडू ने उनका स्वागत किया। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, भारतीय जनता पार्टी के महासचिव विनोद तावड़े, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा तथा कई अन्य नेता भी उनकी अगवानी के लिए मौजूद थे।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी में रविवार को भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक हुयी थी और इसके बाद श्री राधाकृष्णन को उप राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाने की घोषणा की गई थी। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा था कि श्री राधाकृष्णन को उम्मीदवार बनाने के बारे में राजग के अन्य घटक दलों के साथ भी विचार विमर्श किया गया है और वह राजग के सर्वसम्मत उम्मीदवार होंगे।

श्री राधाकृष्णन के पास 50 वर्ष से अधिक राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन का अनुभव है। वह राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के स्वयंसेवक और तमिलनाडु में भाजपा अध्यक्ष रह चुके हैं। राज्यपाल के रूप में उनके पास प्रशासनिक अनुभव भी है। वह दो बार लोकसभा सदस्य भी रह चुके हैं।

उप राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव नौ सितंबर को होना है और उसी दिन मतगणना होगी। उम्मीदवारों के नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 21 अगस्त है और 25 अगस्त तक नामांकन वापस लिया जा सकेगा। उप राष्ट्रपति के इस चुनाव में राज्य सभा के 233 निर्वाचित और 12 मनोनीत और लोकसभा के 543 निर्वाचित सदस्य वोट डाल सकते हैं।

राजग ने श्री राधाकृष्णन की उम्मीदवारी पर विपक्षी दलों से बातचीत करने के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को जिम्मेदारी दी है और श्री रिजिजू को अपना एजेंट बनाया है।

Next Post

नकली खाद-बीज की बिक्री में लिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो: शिवराज

Mon Aug 18 , 2025
नई दिल्ली, 18 अगस्त 2025, नकली खाद-बीज और कीटनाशकों की बिक्री के मामले में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कड़ा रूख अपनाया है। शिवराज सिंह ने आज कृषि भवन, नई दिल्ली में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण विभाग व भारतीय कृषि […]

You May Like