
जबलपुर। पाटन थाना अंतर्गत नीची की महिलाओं ने गांव में लंबे समय से चल रही अवैध शराब बिक्री के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को नुनसर चौकी का घेराव कर प्रदर्शन किया। आक्रोशित महिलाओं का आरोप रहा कि गांव में खुलेआम शराब बेचे जाने से अनेक परिवार बर्बादी की कगार पर पहुंच गए हैं। नशे की लत के कारण पुरुषों का जीवन प्रभावित हो रहा है। गांव में कुछ लोग लंबे समय से अवैध रूप से शराब का कारोबार कर रहे हैं। इसके चलते कई पुरुष नशे के आदी हो गए हैं और काम-धंधा छोडकऱ दिनभर शराब के नशे में रहने लगे हैं। शराब की लत के कारण परिवारों की आर्थिक स्थिति लगातार बिगड़ रही है। बच्चों का भविष्य भी संकट में पड़ गया है। महिलाओं ने कार्रवाई की मांग की। इस दौरान डॉ. सीता साहू, रमा धुर्वे, नीलम गौंड, सपना रैकवार, आरती चढ़ार, पुष्पा रैकवार, अंकिता रैकवार, शालिनी गौंड, आरती गौंड, अंजनि, रजनी गौंड, रजनी साहू, प्रीति चढ़ार, शिवानी ठाकुर आदि मौजूद थी ।
पति शराब के लिए बेच रहे घर का अनाज, गृहस्थी-
आक्रोशित महिलाओं ने बताया कि जब वे खेतों और मजदूरी के कार्यों के लिए बाहर जाती हैं, तब उनके पति शराब के लिए घर का अनाज, सिलेंडर और अन्य घरेलू सामान तक बेच देते हैं। कई परिवारों में पुरुषों ने काम करना बंद कर दिया है, जिससे घर चलाना मुश्किल हो गया है। महिलाओं ने गांव में अवैध शराब की बिक्री पर तत्काल रोक लगाने, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
