बैढ़न व मोरवा क्षेत्र में रेत और गिट्टी परिवहन में लगे चार वाहन जप्त

सिंगरौली: जिले में अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देशानुसार खनिज विभाग द्वारा 24 एवं 25 जून को विशेष जांच अभियान चलाया गया, जिसमें अवैध रूप से रेत एवं गिट्टी का परिवहन करते चार वाहनों को जप्त किया गया।खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल, सहायक खनि अधिकारी रामसुशील चौरसिया तथा खनिज निरीक्षक अशोक मिश्रा के नेतृत्व में की गई जांच के दौरान कई वाहनों की सघन जांच की गई।

कार्रवाई के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली क्रमांक एमपी 66 एजे 5508 गिट्टी परिवहन करते हुए पकड़ी गई। इसके अलावा बिना नंबर की एक ट्रैक्टर-ट्रॉली रेत तथा एक अन्य बिना नंबर ट्रैक्टर-ट्रॉली गिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए पाई गई। वहीं हाइवा वाहन क्रमांक एमपी 66 जेडजे 6941 को भी रेत के अवैध परिवहन में संलिप्त पाए जाने पर जप्त किया गया।

जप्त किए गए वाहनों को सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस थाना विंध्यनगर, मोरवा एवं कोतवाली बैढ़न में खड़ा कराया गया है। खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी मामलों में म.प्र. खनिज नियमों के तहत नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनिज कारोबार में संलिप्त तत्वों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि जिले में अवैध उत्खनन और परिवहन के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Next Post

'आज के दर्शक 'मेन कैरेक्टर एनर्जी' से जुड़ते हैं और 'ऐल्फा' बिल्कुल वैसी ही फिल्म है' : अनिल कपूर

Fri Jun 26 , 2026
मुंबई, 26 जून (वार्ता) बॉलीवुड अभिनेता अनिल कपूर का मानना है कि आज के दर्शक पारंपरिक ‘हीरो-हीरोइन’ की परिभाषाओं से आगे बढ़ चुके हैं और वे ऐसे किरदारों से जुड़ते हैं जिनमें नेतृत्व, साहस और कहानी को आगे बढ़ाने की क्षमता हो, इसी वजह से वह ‘ऐल्फा’ को लेकर बेहद […]

You May Like