स्वच्छता सर्वेक्षण की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार, सीएमओ ने प्याऊ केंद्रों और वार्डों का लिया जायजा

खुरई। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 को दृष्टिगत रखते हुए नगर में तैयारियों का कार्य बड़े पैमाने पर जारी है, इसी क्रम में मुख्य नगर पालिका अधिकारी राजेश मेहतेले ने मंगलवार को नगर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर स्वच्छता, जलापूर्ति एवं अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने शहर की साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक वार्ड में नियमित रूप से स्वच्छता बनाए रखी जाए और कचरा संग्रहण कार्य समय पर पूर्ण किया जाए,उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन के लिए सभी व्यवस्थाओं का सुदृढ़ एवं प्रभावी संचालन आवश्यक है।

जलापूर्ति व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए उन्होंने नगर पालिका द्वारा संचालित निःशुल्क प्याऊ केंद्रों की स्थिति का अवलोकन किया,इस दौरान जलापूर्ति प्रभारी रामगोपाल अहिरवार को निर्देश दिए गए कि सभी प्याऊ केंद्रों पर नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाए और किसी भी प्रकार की शिकायत की स्थिति न बने।

स्वच्छता पर्यवेक्षक नीतेश श्रीवास्तव को निर्देशित करते हुए सीएमओ ने कहा कि नगर के समस्त सार्वजनिक शौचालयों, सुलभ परिसरों एवं कचरा संग्रहण स्थलों का नियमित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए, साथ ही आवश्यकतानुसार रंगाई-पुताई एवं मरम्मत कार्य समयबद्ध तरीके से पूर्ण किए जाएं।

उन्होंने स्वच्छता सुपरवाइजरों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी,प्रत्येक वार्ड में दैनिक साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही स्वच्छ सर्वेक्षण से संबंधित सभी कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए।

आईईसी टीम की समीक्षा करते हुए सीएमओ ने समन्वयक अरुण नागौर को निर्देश दिए कि टीम के माध्यम से नागरिकों से अधिकाधिक फीडबैक प्राप्त किया जाए तथा इसकी दैनिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।

Next Post

बीना के गांधी चौराहे पर अवैध शेड ढहाने पहुंची टीम, विरोध में जेसीबी के आगे लेटे लोग

Tue Apr 28 , 2026
बीना। नगर पालिका की टीम गांधी चौराहे के पास अवैध निर्माण हटाने पहुंची तो कार्रवाई के दौरान विवाद की स्थिति बन गई। यहां टीन शेड के माध्यम से दुकानों का निर्माण किया गया था, जिसे नगर पालिका ने बिना अनुमति और नियमों के विरुद्ध बताया। नगर पालिका अधिकारियों के अनुसार […]

You May Like