किम जोंग उन ने पुतिन को दी नव वर्ष की बधाई, कहा दोनों देशों की दोस्ती और भी मज़बूत हुई

सियोल, 27 दिसंबर (वार्ता) उत्तर कोरिया के सर्वोच्च नेता किम जोंग उन ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को एक पत्र में नये साल की बधाई देते हुए कहा है कि बीते एक साल में दोनों देशों के रिश्ते और भी ज्यादा मजबूत हुए हैं। कोरियाई सेंट्रल न्यूज़ एजेंसी (केसीएनए) ने शनिवार को यह पत्र प्रकाशित किया है।

श्री जोंग उन ने पत्र में लिखा है, “मेरे प्यारे कॉमरेड! उत्तर कोरिया की सरकार और कोरियाई लोगों की ओर से मैं आपको और आपके माध्यम से रूसी संघ की सरकार और भाईचारे वाले रूसी लोगों को नये साल 2026 के अवसर पर हार्दिक और सच्ची शुभकामनाएं देता हूं।”

उन्होंने कहा कि 2025 में रूस-उत्तर कोरिया के संबंध और भी मजबूत हुए हैं जो “खून, जीवन और मृत्यु साझा करने वाले सबसे सच्चे गठबंधन में बदल गये हैं। उनकी पूर्ण दृढ़ता एवं शक्ति समय और इतिहास के पन्नों पर और भी स्पष्ट रूप से अंकित हो गयी है।” उन्होंने कहा कि कोई भी दोनों देशों के लोगों के बीच संबंधों और उनकी एकता को तोड़ नहीं सकता। उन्होंने कहा कि न्याय, सच्चाई, जीत और गौरव हमेशा रूस और श्री पुतिन के साथ रहेंगे।

श्री जोंग उन ने श्री पुतिन को “आशा भरे नये साल 2026 के अवसर पर रूस की गरिमा और हितों की रक्षा के लिये अच्छे स्वास्थ्य और सफलता” की शुभकामनाएं दीं। श्री जोंग उन ने कहा, “मुझे पूरी उम्मीद है कि रूसी लोगों के लिये सिर्फ खुशी और समृद्धि ही होगी।”

इससे पूर्व, केसीएनए ने एक अन्य पत्र प्रकाशित कर दावा किया था कि श्री पुतिन ने “कब्जा करने वालों से कुर्स्क क्षेत्र को आज़ाद कराने की लड़ाई में कोरियाई पीपल्स आर्मी के सैनिकों के वीरतापूर्ण योगदान और रूस की धरती पर कोरियाई इंजीनियरों की गतिविधियों” का उल्लेख किया था।

उन्होंने रूसी-उत्तर कोरियाई दोस्ती की भी प्रशंसा की थी। पत्र के अनुसार, श्री पुतिन ने कहा था कि दोनों राष्ट्र हर तरह से दोस्ती और गठबंधन के संबंधों को मजबूत करना जारी रखेंगे और क्षेत्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर रचनात्मक सहयोग करेंगे।

 

 

 

 

Next Post

जनवरी से महंगी होंगी कई कंपनियों की कारें

Sat Dec 27 , 2025
नयी दिल्ली, (वार्ता) नये साल से कई कार निर्माता कंपनियों ने अपने वाहनों के दाम बढ़ाने की घोषणा ही है। फ्रांसीसी कार निर्माता रेनो समूह की पूर्ण स्वामित्व वाली रेनो इंडिया ने नये साल पर अपने वाहनों के दाम दो प्रतिशत तक बढ़ाने की घोषणा की है। कंपनी ने शुक्रवार […]

You May Like