इंदौर: ड्रग्स मामले में भाई कुलभूषण उर्फ नाना पटवारी से पुलिस पूछताछ के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मध्य प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार राजनीतिक बदले की भावना से उनके परिवार को निशाना बना रही है। पटवारी ने कहा कि पहले उनके भाई, फिर पिता और अब पूरे परिवार को परेशान किया जा रहा है, क्योंकि वे लगातार सरकार से भ्रष्टाचार, किसानों, युवाओं और जनता से जुड़े मुद्दों पर सवाल उठा रहे हैं।
जीतू पटवारी ने कहा कि वे सरकार के दबाव में आने वाले नहीं हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि “अगर मुझे या मेरे परिवार को जेल भेजना है तो भेज दीजिए, लेकिन हम जनता के मुद्दों पर आवाज उठाना बंद नहीं करेंगे।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनका परिवार कानून का सम्मान करता है और जांच में पूरा सहयोग करेगा, लेकिन विपक्ष की आवाज दबाने की किसी भी कोशिश का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दिया जाएगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पटवारी ने भ्रष्टाचार, नर्मदा परियोजना, किसानों की समस्याओं, युवाओं के रोजगार और शिक्षा जैसे मुद्दों को भी उठाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष होने के नाते सरकार से सवाल पूछना उनका संवैधानिक दायित्व है और वे इससे पीछे नहीं हटेंगे। उनके इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है।
