
अनूपपुर। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय अमरकंटक में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) कार्यकर्ताओं के साथ हुई गाली-गलौज और मारपीट की घटना तूल पकड़ चुकी है। इस मामले में एबीवीपी के विभाग संगठन मंत्री सावन सिंह गहरवार (27), निवासी महोडकला, थाना सिमरिया जिला पन्ना ने थाना अमरकंटक में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जयगणेश दीक्षित, विशाल ताम्रकार, आयुष राय, शरद द्विवेदी, विकास केशरवानी, प्रथम गुप्ता और करण सिंह राठौर के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 115(2), 351(3) एवं 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के मुताबिक 14 अगस्त को विश्वविद्यालय की अनियमितताओं को लेकर एबीवीपी कार्यकर्ताओं व छात्रों ने शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया था। वहीं 15 अगस्त की सुबह स्वतंत्रता दिवस ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान संगठन के कार्यकर्ता मुख्य द्वार पर बैठे थे। इस बीच गेट बंद कर कुछ छात्राओं को भीतर आने से रोका गया। लगभग 8:50 बजे कुछ विद्यार्थी और स्थानीय लोग, जिनमें जयगणेश दीक्षित, विशाल ताम्रकार, आयुष राय और शरद द्विवेदी शामिल बताए गए, जबरन गेट के अंदर घुस आए और आपत्ति जताने पर सावन सिंह से गाली-गलौज कर लात-घूंसों व मुक्कों से हमला कर दिया।
मारपीट रोकने पहुंचे शिवेन्द्र चतुर्वेदी, अमन परमार, अखिलेश सिंह और प्रणव मिश्रा को भी पीटा गया और जान से मारने की धमकी दी गई। हमले में विकास केशरवानी, प्रथम गुप्ता और करण सिंह राठौर की संलिप्तता भी बताई गई है। घटना में सावन सिंह के प्राइवेट पार्ट, हाथ व पैरों में गंभीर चोटें आईं, जबकि अमन परमार के दाहिने हाथ और सिर में तथा शिवेन्द्र चतुर्वेदी के सीने, पीठ और हाथ में चोटें पहुंचीं। सूचना मिलते ही पुलिस और मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया।
