
अशोकनगर। चंदेरी पुलिस ने बाबा के भेष में गांजा तस्करी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उससे डेढ किलो से ज्यादा गांजा जब्त किया है। पुलिस द्वारा जब्त किये गांजे की कीमत करीब 60 हजार रूपये बताई जा रहीं है। जानकारी के मुताबिक आरोपी बाबा के भेष में क्षेत्र में गांजा सप्लाई करने आता था, जिसे पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार करते हुए उसे सलाखों के पीछे भेज दिया है। दरअसल जिलेभर में पुलिस कप्तान राजीव कुमार मिश्रा के निर्देशन में अवैध शराब एवं अवैध मादक पदार्थ के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रहीं है। इसी कड़ी में शुक्रवार को चंदेरी पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कदवाया के तरफ से एक बाबा अपनी मोटरसाइकिल से अवैध मादक पदार्थ गांजा बिक्री करने हेतु चंदेरी तरफ आ रहा है। चंदेरी पुलिस द्वारा उक्त सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई, सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने आवश्यक कार्रवाई हेतु आदेशित किया। जिसके चलते पुलिस ने पिछोर रोड बाईपास पर चेकिंग लगाई गई, जहां पुलिस चैकिंग के दौरान आरोपी चंद्रभान सिंह बाबा पुत्र मोतीलाल लोधी निवासी ग्राम टोरिया तहसील बदरवास जिला शिवपुरी के कब्जे से 1 किलो 600 ग्राम गांजा कीमत करीब60000 को जप्त किया गया, तो वहीं आरोपी को गिरफ्तार कर धारा 8/20 एनडीपीसी एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी को जेल भेजा गया।
