भोपाल: पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर ने मंत्रालय स्थित अपने कक्ष में अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत पेयजल एवं सीवरेज सुविधाओं को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक में शहरी क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता, सीवरेज नेटवर्क के विस्तार और चल रही परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई।
राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अमृत 2.0 योजना के कार्य तय समय-सीमा में पूरे किए जाएं और गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न हो। उन्होंने कहा कि आमजन को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है, वहीं सीवरेज व्यवस्था के सुदृढ़ होने से शहरी स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
बैठक में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने योजना के अंतर्गत चल रहे कार्यों की स्थिति, आने वाली चुनौतियों और समाधान के उपायों की जानकारी राज्यमंत्री को दी।
