ग्वालियर: हिंदू समाज को एकजुट होना होगा। भारत के बाहर जहां हिंदू अल्पसंख्यक हैं, वहां उनकी स्थिति दयनीय है। भारत शक्तिशाली राष्ट्र तब बनेगा जब हिंदू समाज संगठित होगा।यह बात राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मध्य भारत प्रांंत के सह प्रांत प्रचारक सुरेंद्र सिंह ने दीनदयाल बस्ती के हिंदू सम्मेलन में मुख्य वक्ता की आसंदी से कही।
गोविंद पार्क में आयोजित कार्यक्रम में लाल टिपारा गौशाला के स्वामी ऋषभ देवानंद महाराज, हिंदू समाज आयोजन समिति के अध्यक्ष राम निवास सिंह गुर्जर, उपाध्यक्ष सरिता परिहार भी मंचासीन रहीं। मुख्य वक्ता सिंह ने कहा कि प्राचीन काल से ही भारत में शास्त्र और शस्त्र की कुशलता पर ध्यान दिया जाता था।
हमारे देवी-देवता भी धर्म की स्थापना के लिए शास्त्र के साथ शस्त्र धारण करते थे। इसलिए हम सभी को इन दोनों में पारंगत होना चाहिए। उन्होंने कहा कि आक्रांताओं ने कई बार हमारे मंदिरों, संस्कृति और शिक्षा पद्धति पर प्रहार किए। इस अवसर पर हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ भी हुआ। कार्यक्रम का संचालन पीएस कुशवाह ने किया।
