‘असंभव सैन्य अभियान’ या ‘ईरान की शर्तों वाला समझौता’ चुनें ट्रंप : आईआरजीसी

तेहरान, 03 मई (वार्ता) ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) ने कहा है कि मौजूदा पश्चिम एशियाई तनाव में अमेरिका की रणनीतिक स्थिति तेजी से सीमित होती जा रही है और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सामने विकल्प अब बेहद कम रह गए हैं। आईआरजीसी की ओर से रविवार को जारी बयान में कहा गया कि ईरान ने अमेरिकी रक्षा प्रतिष्ठान के लिए नाकेबंदी को लेकर एक स्पष्ट समयसीमा तय कर दी है, जबकि चीन, रूस और यूरोप का रुख भी कथित तौर पर अमेरिका के खिलाफ अधिक कठोर होता दिख रहा है। बयान में श्री ट्रंप के कांग्रेस को भेजे गये पत्र को “निष्क्रिय” बताया गया और इसे ईरान की वार्ता शर्तों की स्वीकारोक्ति के संकेत के रूप में प्रस्तुत किया गया। आईआरजीसी के दावे के मुताबिक स्थिति को समझने का केवल यही तरीका है कि श्री ट्रंप अब या तो “एक असंभव सैन्य अभियान” शुरू करें या “ईरान की शर्तों पर” समझौता कर लें।

बयान में यह भी कहा गया कि अमेरिकी निर्णय-निर्माण की गुंजाइश लगातार सिमट रही है। उल्लेखनीय है कि ईरान ने अमेरिका के साथ चल रहे टकराव को खत्म करने के उद्देश्य से एक नया प्रस्ताव पेश किया है। यह 14-सूत्री प्रस्ताव पाकिस्तान के ज़रिए अमेरिका तक पहुंचाया गया। इसके जवाब में, श्री ट्रंप ने नाराज़गी ज़ाहिर की है और इस प्रस्ताव को खारिज करने का संकेत दिया है। इसी बीच, ईरान ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जहां एक तरफ उन्होंने शांति की दिशा में एक कदम बढ़ाया है, लेकिन अगर श्री ट्रंप टकराव चाहते हैं तो उन्हें उसका माकूल जवाब दिया जाएगा। अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा ईरान की इस ताज़ा शांति पहल पर संदेह ज़ाहिर किये जाने के बाद, ईरान ने ऐलान किया कि अब गेंद अमेरिका के पाले में है।

Next Post

ब्राजील में 20 लाख दर्शकों के दावे के बीच हुआ शकीरा का मुफ्त मेगा कॉन्सर्ट

Sun May 3 , 2026
रियो द जेनेरियो (वार्ता) ब्राजील के रियो द जेनेरियो स्थित प्रतिष्ठित कोपाकबाना बीच शनिवार रात उस समय विशाल संगीत उत्सव में बदल गया जब कोलंबियाई पॉप सुपरस्टार शकीरा के मुफ्त कॉन्सर्ट में शहर प्रशासन के अनुसार करीब 20 लाख लोग पहुंचे। रियो के मेयर एडुआर्डो कैवालीएरे ने सोशल मीडिया पोस्ट […]

You May Like