सीहोर। गणेश उत्सव, डोल ग्यारस एवं अनंत चतुर्दशी को लेकर शनिवार को थाना कोतवाली में गणेश उत्सव समितियों की बैठक आयोजित की गई. जिसमें सीएसपी, तहसीलदार एवं थाना प्रभारी सहित वरिष्ठ नागरिक, सामाजिक प्रमुख तथा विभिन्न आयोजनों के प्रमुख मौजूद थे. बैठक के दौरान आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर चर्चा की गई. अधिकारियों ने जुलूसों और धार्मिक आयोजनों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने, यातायात व्यवस्था सुचारू रखने तथा आयोजन स्थलों पर व्यवस्थाओं को लेकर समिति सदस्यों से जानकारी ली. पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने उपस्थित आयोजकों और गणमान्य नागरिकों से अपील की कि सभी त्योहार आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाएं एवं प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें. अधिकारियों ने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है.
