प्याज किसानों की मदद के लिए महाराष्ट्र सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध: फडणवीस

मुंबई, 26 मई (वार्ता) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मंगलवार को राज्य के प्याज उत्पादक किसानों को आश्वासन दिया कि राज्य और केंद्र सरकार प्याज की कीमतों के संकट से उबरने में उनकी मदद करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। इस मुद्दे पर चर्चा के लिए श्री फडणवीस के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को नयी दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करेगा।

श्री फडणवीस ने मंगलवार को यहां मीडियाकर्मियों से कहा, “हम कल केंद्र सरकार के साथ बैठक करेंगे और दीर्घकालिक समाधान खोजने के प्रयास किए जाएंगे।” उन्होंने साथ ही विपक्षी नेताओं पर प्याज के मुद्दे पर राजनीतिक आंदोलन शुरू करने का भी आरोप लगाया।

नासिक जिले में प्याज किसानों के विरोध प्रदर्शन की आलोचना करते हुए मुख्यमंत्री ने इस आंदोलन को ‘मुख्य रूप से विपक्ष के लिए एक फोटो खिंचवाने का अवसर’ बताया और कहा, “कुछ विपक्षी नेताओं ने प्याज के मुद्दे पर राजनीतिक आंदोलन शुरू कर दिया है। ये वो लोग हैं जिनकी आंखें प्याज काटते समय भी कभी नहीं भरतीं, लेकिन अब वे आंसू बहाने की कोशिश कर रहे हैं। पर मैं साफ कर देना चाहता हूं कि महायुति सरकार प्याज के मुद्दे पर संवेदनशीलता से काम करने का प्रयास कर रही है।”

श्री शिंदे ने मीडियाकर्मियों से कहा, “राज्य और केंद्र दोनों सरकारों द्वारा प्याज खरीद केंद्र पहले ही शुरू किए जा चुके हैं। वर्तमान में, प्याज 15.80 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से खरीदा जा रहा है। सरकार प्याज उत्पादकों के सामने आने वाली कठिनाइयों से पूरी तरह वाकिफ है। उनके हितों की रक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। हम प्याज किसानों को कभी असहाय नहीं छोड़ेंगे।”

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि महाराष्ट्र में प्याज उत्पादकों के सामने आने वाली समस्याओं की समीक्षा के लिए केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह द्वारा बुलाई गई बैठक के बाद एक ‘सकारात्मक समाधान’ की उम्मीद की जा सकती है। उनका यह बयान नासिक जिले के चांदवड़ में प्याज उत्पादकों के विरोध प्रदर्शन के हिंसक रूप लेने के बाद आया है, जहां प्रदर्शन स्थल पर एक कार और कुछ टायरों में आग लगा दी गई थी।

यह आधिकारिक तौर पर घोषित किया गया है कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में महाराष्ट्र का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को नयी दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री से मुलाकात करेगा ताकि प्याज उत्पादकों के लिए संभावित राहत उपायों के साथ-साथ दीर्घकालिक समाधानों पर चर्चा की जा सके। इस प्रतिनिधिमंडल में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार के साथ-साथ महाराष्ट्र के वरिष्ठ मंत्रियों और नौकरशाहों के शामिल होने की संभावना है।

इससे पहले मंगलवार को ही, नासिक जिले के चांदवड़ में प्याज किसानों के एक विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के बाद महाराष्ट्र कांग्रेस समिति के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल, उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना के नेता अंबादास दानवे और शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता रोहित पवार को पुलिस ने हिरासत में ले लिया, क्योंकि प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया था।

उपमुख्यमंत्री ने भी विरोध प्रदर्शन के दौरान महा विकास अघाड़ी (एमवीए) की विपक्षी पार्टियों द्वारा निभाई गई भूमिका की भी कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा, “विपक्ष के पास अब कोई मजबूत सार्वजनिक मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह केवल मीडिया का ध्यान खींचने के लिए विरोध प्रदर्शन आयोजित कर रहा है। यह किसानों के कल्याण के लिए कोई वास्तविक लड़ाई नहीं है, बल्कि प्रचार के लिए महज एक राजनीतिक स्टंट है।”

श्री शिंदे ने केंद्र में कांग्रेस के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय भी प्याज की कीमतों ने किसानों के साथ-साथ उपभोक्ताओं के लिए भी मुश्किलें खड़ी की थीं। उन्होंने कहा, “पिछली सरकारें किसानों के समर्थन में कोई प्रभावी कदम उठाने में विफल रही थीं, लेकिन आज राज्य सरकार और केंद्र सरकार दोनों किसानों के साथ मजबूती से खड़ी हैं।”

सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए श्री शिंदे ने कहा, “यह सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं कि प्याज किसानों को न्याय मिले। यह सरकार किसानों को कभी नुकसान नहीं होने देगी और किसानों के हित में फैसले लेना जारी रखेगी।”

 

 

Next Post

चीन- पाकिस्तान को भारत का करारा जवाब, कहा जम्मू कश्मीर भारत का अभिन्न अंग, दूसरे देश को टिप्पणी करने का अधिकार नहीं

Tue May 26 , 2026
नयी दिल्ली 26 मई (वार्ता) भारत ने चीन और पाकिस्तान के संयुक्त बयान में केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर जिक्र को बेवजह बताते हुए पूरी तरह खारिज कर दिया है और सख्त टिप्पणी करते हुए कहा है कि जम्मू कश्मीर भारत का अविभाज्य अंग है तथा किसी भी अन्य देश को […]

You May Like