रियो द जेनेरियो (वार्ता) ब्राजील के रियो द जेनेरियो स्थित प्रतिष्ठित कोपाकबाना बीच शनिवार रात उस समय विशाल संगीत उत्सव में बदल गया जब कोलंबियाई पॉप सुपरस्टार शकीरा के मुफ्त कॉन्सर्ट में शहर प्रशासन के अनुसार करीब 20 लाख लोग पहुंचे। रियो के मेयर एडुआर्डो कैवालीएरे ने सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया कि शकीरा के शो में लगभग 20 लाख दर्शकों ने हिस्सा लिया। यदि यह संख्या सही मानी जाए तो यह हाल के वर्षों में कोपाकबाना बीच पर आयोजित सबसे बड़े सार्वजनिक संगीत आयोजनों में शामिल होगा। शकीरा का यह शो उनके वर्ल्ड टूर ‘लास मुजेरेस या नो लोरन’ का हिस्सा था, जिसका नाम उनके 2024 के एल्बम पर रखा गया है। कार्यक्रम निर्धारित समय से एक घंटे से अधिक देरी से रात करीब 11 बजे शुरू हुआ, लेकिन इंतजार कर रही विशाल भीड़ का उत्साह कम नहीं हुआ। जैसे ही शकीरा मंच पर पहुंचीं, बीच पर मौजूद हजारों-लाखों प्रशंसकों की चीखों, तालियों और संगीत के बीच माहौल चरम पर पहुंच गया। आकाश में उड़ते ड्रोन ने पुर्तगाली भाषा में “आई लव यू ब्राजील” लिखकर दृश्य को और भव्य बना दिया।शकीरा ने अपने कई लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति दी,और दर्शक समुद्र तट की विशाल रेत पर देर रात तक झूमते रहे।
यह आयोजन रियो में हाल के वर्षों की उस परंपरा का हिस्सा है जिसमें बड़े वैश्विक सितारों के मुफ्त बीच कॉन्सर्ट के जरिए स्थानीय अर्थव्यवस्था और पर्यटन को बढ़ावा देने की रणनीति अपनाई गई है। इससे पहले मैडोना (2024) और लेडी गागा (2025) भी यहां बड़े आयोजनों का हिस्सा रही हैं। रियो सिटी हॉल और नगर पर्यटन संस्था रियोटुर के एक अध्ययन के अनुसार, शकीरा का यह कार्यक्रम स्थानीय अर्थव्यवस्था में करीब 15.5 करोड़ डॉलर का योगदान दे सकता है। होटल, रेस्तरां, दुकानों और पर्यटन क्षेत्र में बढ़े खर्च को इसका प्रमुख कारण बताया गया है। टोडो मुंडो नो रियो’ नामक इस मेगा-कॉन्सर्ट को शहर प्रशासन ने स्थानीय अर्थव्यवस्था को पुनर्जीवित करने की रणनीति के तहत वित्तपोषित किया। अधिकारियों का अनुमान है कि इससे ब्राजील को लगभग 16 करोड़ डॉलर का आर्थिक लाभ हो सकता है। बीबीसी के अनुसार, इतने बड़े आयोजनों में आधिकारिक भीड़ अनुमान अक्सर वास्तविकता से अधिक हो सकते हैं। इसके बावजूद इसमें कोई संदेह नहीं कि शकीरा का कोपाकबाना शो संगीत, पर्यटन और सार्वजनिक आयोजन के स्तर पर वर्ष के सबसे चर्चित वैश्विक आयोजनों में से एक बन गया।

