अब कटनी बनेगा कनकपुरी, माइनिंग सेक्टर में आया 56 हजार करोड़ का निवेश

कटनी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश और देश विकास की नई ऊंचाइयां छू रहा है। उन्होंने गुरुवार को कटनी जिले के बड़वारा में जनसभा को संबोधित करते हुए जिले को 234 करोड़ से अधिक लागत की सौगातें दीं। इस दौरान उन्होंने दो सांदीपनि विद्यालयों का लोकार्पण किया और 127 करोड़ लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में आयोजित माइनिंग कॉन्क्लेव के जरिए कटनी जिले में 56 हजार करोड़ रुपए का निवेश आया है। यहां कोयला, लाइमस्टोन और क्रिटिकल मिनरल्स के साथ सोने की संभावना भी है। उन्होंने कहा—

*कटनी अब कनकपुरी बनेगा। पन्ना में हीरा मिल रहा है और अब कटनी में सोना मिलने से यह पूरा क्षेत्र विकास की नई इबारत लिखेगा।”*

*गरीबों और महिलाओं के लिए योजनाएं*

* डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी गरीबों और जरूरतमंदों के लिए काम कर रहे हैं। देशभर के 85 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन, पक्के मकान, एलपीजी कनेक्शन और शौचालय दिए गए हैं। राज्य सरकार भी गरीब और महिलाओं के हित में काम कर रही है।

* लाड़ली बहनों को दीपावली के बाद हर महीने 1500 रुपए दिए जाएंगे, इसे धीरे-धीरे 3000 तक बढ़ाया जाएगा।

* टॉपर बच्चों को स्कूटी और बोर्ड परीक्षा में 75% अंक लाने वाले विद्यार्थियों को लैपटॉप दिया जाएगा।

*मेडिकल कॉलेज की सौगात*

मुख्यमंत्री ने कहा कि पीपीपी मॉडल पर प्रदेश में 4 नए मेडिकल कॉलेज स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से एक कटनी में खुलेगा। जल्द ही जिले को मेडिकल कॉलेज की सौगात मिलेगी।

*स्वदेशी और स्थानीय व्यापार को बढ़ावा*

उन्होंने लोगों से अपील की कि त्योहारों पर ऑनलाइन खरीदारी छोड़कर स्थानीय दुकानदारों से सामान खरीदें।

*“भारत का पैसा भारत में रहना चाहिए। नवरात्रि, दशहरा और दिवाली की खरीदारी स्वदेशी से करें। यही आत्मनिर्भर भारत का रास्ता है।”*

*शिक्षा और सांदीपनि विद्यालय*

बड़वारा में दो आधुनिक सांदीपनि विद्यालयों का लोकार्पण करते हुए उन्होंने कहा कि आज यहां बने स्कूल दिल्ली और मुंबई से भी बेहतर हैं। विद्यार्थी इन्हें देखकर प्रेरित होंगे और बेहतर भविष्य की ओर बढ़ेंगे।

Next Post

अफजलपुर पुलिस ने अंधे कत्ल का किया खुलासा, पुत्र ने ही की पिता की हत्या

Thu Sep 18 , 2025
मंदसौर। थाना अफजलपुर पुलिस ने एक वर्ष पुराने अंधे कत्ल का पर्दाफाश कर आरोपी पुत्र को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देशन एवं एएसपी तेरसिंह बघेल व एसडीओपी कीर्ति बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी शैलेन्द्र सिंह कनेश की टीम ने इलेक्ट्रॉनिक डाटा व 50 से […]

You May Like