
भोपाल: भोपाल पुलिस क्राइम ब्रांच ने एक मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 10.50 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी पाउडर और एक एप्पल कंपनी का 3 लाख रुपये कीमत का मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, क्राइम ब्रांच की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एम.पी. नगर इलाके में भारतीय जीवन बीमा निगम के सामने शिव मंदिर के पास एक व्यक्ति एमडी पाउडर की डिलीवरी के लिए खड़ा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच की टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अंकित वर्मा (27 वर्ष) बताया, जो अवधपुरी का रहने वाला है। तलाशी के दौरान उसके पास से सफेद रंग का बारीक दानेदार पाउडर मिला, जिसकी पहचान एमडी पाउडर के रूप में हुई। पुलिस ने मौके से 10.50 ग्राम एमडी पाउडर और आरोपी का महंगा मोबाइल फोन जब्त कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी भोपाल में एमडी पाउडर की बड़ी मात्रा में बिक्री कर मोटा मुनाफा कमाता था। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपी से एमडी पाउडर के स्रोत और नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है।
