सतना:चित्रकूट थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरानी लंका तिराहा के निकट स्थित एक कपड़ा शोरुम के संचालक पर असलहा तानते हुए दहशत फैलाने वाले दो आरोपियों की पहचान पुलिस द्वारा कर ली गई है. लिहाजा उनकी धरपकड़ के लिए जगह जगह छापेमारी की जा रही है.प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार को पुरानी लंका तिराहे के निकट स्थित कपड़ा शो रुम वैष्णो गारमेंट्स में दो युवक ग्राहक बनकर पहुंचे थे.
दुकान संचालक अंकित केशरवानी के अनुसार दोनों युवकों ने लगभग 5 हजार रु के कपड़े पसंद किए. लेकिन मोलभाव को लेकर दोनो युवकों ने दुकान संचालक के साथ कहासुनी शुरु कर दी. कहासुनी बढ़ते ही एक युवक ने असलहा निकाल लिया और उसे अंकित की कपनटी पर सटाते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा. इसी दौरान अंकित ने हिम्मत दिखाई और आरोपी को पकडऩे का प्रयास करने के साथ ही शोर मचाना शुरु कर दिया.
अंकित का शोर सुनकर आस पास के लोग एकत्र हो गए. जिससे घबराकर दोनों युवक अपनी बेलुट मोटरसाइकिल छोडक़र असलहा लहराते हुए वहां से भाग निकले. यह सारी घटना वहां लगे सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई. सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों के जरिए पुलिस को इस बात की जानकारी मिली कि आरोपी दोनों युवक उप्र के शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के निवासी हैं. लिहाजा प्रकरण दर्ज कर पुलिस टीमें रवाना करते हुए छापेमारी शुरु कर दी गई.
पुलिस ने जब दोनों आरोपियों की तलाश में धपकड़ तेज की तो पुलिस से बचने के लिए उन्होंने नए नए तौर तरीके आजमाने शुरु कर दिए. बताया गया कि दोनों आरोपियों ने न सिर्फ दाढ़ी बनवा ली और बाल कटवा लिए बल्कि उन्होंने अपने कपड़े भी बदल लिए. इतना ही नहीं बल्कि शातिर अपराधियों की तर्ज पर दोनों आरोपी अपनी पहचान छिपाने के साथ ही पुलिस को गुमराह करने में लगे हुए हैं. वहीं पुलिस ने भी कई स्थानों पर छापेमारी करते हुए कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए उठा लिया है.
