इंस्टाग्राम से मंदिर तक: 150 किमी दूर प्रेमी संग नरखेड़ा में रचाई शादी

अदनान खान

सलामतपुर:सोशल मीडिया के दौर में रिश्तों की कहानियां भी अब मोबाइल स्क्रीन से निकलकर मंदिर की चौखट तक पहुंच रही हैं। रायसेन जिले के सलामतपुर थाना क्षेत्र के बरजोरपुर निवासी जसवंत मीणा और बैतूल हाल निवासी इटारसी की सरिता धुर्वे की प्रेम कहानी इसकी ताजा मिसाल बनी है।बताया जा रहा है कि करीब दो महीने पहले इंस्टाग्राम पर एक फोटो को लाइक करने से शुरू हुई बातचीत धीरे-धीरे दोस्ती और फिर प्यार में बदल गई। बातचीत बढ़ी तो दोनों ने साथ जीने-मरने का फैसला भी कर लिया। इसी फैसले के तहत सरिता इटारसी से बस में बैठकर सीधे अपने प्रेमी जसवंत के घर बरजोरपुर पहुंच गई।

मामला गांव तक पहुंचा तो युवक जसवंत ने पूरी बात ग्राम सरपंच नरेश चौधरी को बताई। सरपंच नरेश चौधरी ने समझदारी दिखाते हुए जसवंत के परिवार से बातचीत की और युवक के परिजनों को भी राजी किया। आपसी सहमति बनने के बाद नरखेड़ा मंदिर में सादगीपूर्ण तरीके से विवाह संपन्न कराया गया।मंदिर परिसर में सरपंच नरेश चौधरी, जसवंत के जीजा सहित अन्य रिश्तेदारों की मौजूदगी में जसवंत ने सरिता की मांग भरी और दोनों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाकर साथ निभाने की कसमें खाईं। इस मौके पर मौजूद लोगों ने नवदंपती को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।गांव में यह शादी चर्चा का विषय बनी हुई है। लोग इसे सोशल मीडिया के बदलते दौर की एक दिलचस्प कहानी बता रहे हैं, जहां इंस्टाग्राम पर हुई पहचान ने मंदिर में विवाह का रूप ले लिया। अब लाइक से शुरू हुआ यह रिश्ता जीवनभर के साथ में बदल चुका है।

Next Post

साहित्य परिषद के राष्ट्रीय संगठन मंत्री पराड़कर हॉस्पिटल में भर्ती

Fri Dec 19 , 2025
ग्वालियर: अखिल भारतीय साहित्य परिषद के राष्ट्रीय संगठन मंत्री और आरएसएस के वरिष्ठ प्रचारक श्रीधर पराड़कर की तबियत बिगड़ने के बाद उन्हें भोपाल के बंसल हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। वे अपनी किताब “तत्वमसि” के विमोचन कार्यक्रम के सिलसिले में भोपाल गए थे. यहां उनको निमोनिया की परेशानी सामने […]

You May Like