मोदी, शाह, बिरला, खरगे ने मूर्तिकार राम सुतार के निधन पर जताया शोक

नयी दिल्ली, 18 दिसंबर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, गृहमंत्री अमित शाह तथा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने महान मूर्तिकार राम सुतार के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि श्री राम सुतार एक उत्कृष्ट मूर्तिकार थे, जिनकी कला ने भारत को केवडिया स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी सहित कुछ सबसे प्रसिद्ध स्मारक दिए। उन्होंने कहा कि श्री सुतार के कार्यों को हमेशा भारत के इतिहास, संस्कृति और सामूहिक भावना की शक्तिशाली अभिव्यक्ति के रूप में सराहा जाएगा। उन्होंने कहा कि श्री सुतार की कृतियां जिन्होंने आने वाली पीढ़ियों के लिए राष्ट्रीय गौरव को अमर कर दिया है, कलाकारों और नागरिकों को प्रेरित करती रहेंगी। श्री सुतार का शतायु में कल देर रात नोएडा में निधन हो गया था।

श्री मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा “श्री राम सुतार जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ है। वे एक उत्कृष्ट मूर्तिकार थे जिनकी कला ने भारत को केवडिया स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी सहित कई प्रतिष्ठित स्मारक दिए। उनकी कृतियों को भारत के इतिहास, संस्कृति और सामूहिक भावना की सशक्त अभिव्यक्ति के रूप में हमेशा सराहा जाएगा। उन्होंने आने वाली पीढ़ियों के लिए राष्ट्रीय गौरव को अमर कर दिया है। उनकी कृतियां कलाकारों और नागरिकों को समान रूप से प्रेरित करती रहेंगी। उनके परिवार, प्रशंसकों और उनके अद्भुत जीवन और कार्यों से प्रभावित सभी लोगों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं।”

श्री बिरला ने कहा, “सुप्रसिद्ध मूर्तिकार पद्मभूषण राम सुतार जी का निधन अत्यंत दुःखद है। अपनी कारीगरी और कुशलता से उन्होंने देश-दुनिया में कई भव्य-मनोहारी प्रतिमाओं का निर्माण किया। केवड़िया में ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ सहित देश और दुनिया भर में उनकी प्रतिमाएं मानक रूप में स्थापित हैं। भारत की संसद के परिसर में भी राम सुतार जी ने कई प्रतिमाओं के निर्माण में मुख्य भूमिका निभाई। उनका निधन कला और वास्तु जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति तथा शोकाकुल परिवार तथा प्रशंसकों को संबल प्रदान करें।”

श्री शाह ने कहा, “स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के आर्किटेक्ट, महान मूर्तिकार राम सुतार का निधन अत्यंत दुःखद है। भारतीय संस्कृति तथा विरासत को युवा पीढ़ी के बीच चिरस्मरणीय बनाने हेतु ऐतिहासिक मूर्तियों का निर्माण करने वाले राम सुतार जी ने अजंता, एलोरा की मूर्तियों के जीर्णोद्धार में भी अहम भूमिका निभाई। उनका निधन भारतीय कला जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और उनके परिजनों व प्रशंसकों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।”

श्री खरगे ने कहा “प्रसिद्ध मूर्तिकार एवं कलाकार राम सुतार के निधन से अत्यंत दुःख हुआ। पद्म भूषण सुतार जी के राष्ट्र के लिए अनके कलात्मक योगदान में ऐतिहासिक और समकालीन हस्तियों की कई शानदार कृतियों का निर्माण शामिल था। मैं उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करता हूं और उनके परिवार, दोस्तों और सहकर्मियों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दें।”

 

 

Next Post

संपत्तिकर बकाया पर ननि की सख्ती, जनता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पुरव्याऊ पर तालाबंदी

Thu Dec 18 , 2025
सागर:सागर जिले की नगर पालिक निगम टीम ने संपत्तिकर की बकाया राशि जमा न करने पर जनता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पुरव्याऊ की 5 लाख रुपए की बकाया राशि जमा न करने पर तालाबंदी की कार्रवाई की गई।नगर निगम द्वारा जनता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पुरव्याऊ पर लगभग 5 लाख रुपए का […]

You May Like