
जबलपुर। नगर निगम की 5 शालाओं का वार्षिक उत्सव भव्यता के साथ 15 दिसंबर को मनाने की रूपरेखा के लिए गुरूवार को महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने बैठक ली। बैठक में निर्णय लिया गया कि नगर निगम द्वारा संचालित 5 प्राथमिक और माध्यमिक शालाओं का बहुप्रतीक्षित वार्षिक उत्सव 15 दिसंबर को अत्यंत भव्यता के साथ मनाया जाएगा। यह समारोह छात्र-छात्राओं की प्रतिभा को मंच देने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसमें भाग लेने वाले कलाकार छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करने के लिए 50 हजार तक के आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इस भव्य आयोजन की तैयारियाँ जोर-शोर से चल रही हैं और इसमें शहर के शिक्षा जगत के कई प्रतिष्ठित चेहरे शामिल होंगे।
समारोह की तैयारियां अंतिम चरण पर
समारोह को यादगार बनाने के लिए तैयारियां अंतिम चरण में हैं। महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने बताया कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों का मार्गदर्शन प्रसिद्ध कथक कोरियोग्राफर मोती शिवहरे कर रहे हैं। जिसमें आयोजन अंतर्गत नृत्य नाटिका के रूप में मॉं नर्मदा वंदन एवं मॉं सीता स्वयंवर जैसी मनमोहक प्रस्तुति के साथ भगवान श्री कृष्ण की रासलीला की मनोहारी प्रस्तुति एवं राजस्थानी, कालवेलिया, बुन्देलखण्डी राई लोकनृत्य का प्रदर्शन नगर निगम द्वारा संचालित पांचों विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा किया जायेगा। महापौर ने ये भी बताया कि समारोह का समापन देशभक्ति से ओत-प्रोत वंदेमातरम की भव्य और सामूहिक प्रस्तुति के साथ होगा, जो निश्चित रूप से दर्शकों में राष्ट्र प्रेम का भाव जागृत करेगा।
