
जबलपुर। निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश पर गुरूवार को शहर भर में अतिक्रमण हटाओ अभियान के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई की गई। इस अभियान का उद्देश्य सड़कों और सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त कर यातायात को सुगम बनाना है। इस संबंध में अतिक्रमण अधिकारी मनीष तड़से ने बताया कि भंवरताल गार्डन के पास लगे ठेले, टपरे, चार पहिया और दो पहिया वाहनों को हटाकर मार्ग को खाली कराया गया। राजीव गांधी वार्ड और अधारताल तालाब के पास से भी ठेले और टपरे हटाए गए। उन्होंने बताया कि विजय नगर और अधारताल तहसील हार्ट से अतिक्रमण हटाकर सड़कों को व्यवस्थित किया गया।
वहीं सुहागी जोन ऑफिस तक मार्ग पर भी अवैध रूप से लगे ठेले और टपरों पर कार्रवाई की गई। इसके अलावा गढ़ा बाजार में सड़क निर्माण में बाधा बन रहे चिन्हित मकानों को हटाया गया, जिससे निर्माण कार्य में तेजी लाई जा सके। छोटी लाइन और तीन पत्ती चौक के पास से व्यस्त चौराहों और मार्गों पर भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। निगमायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
