ग्वालियर: ग्वालियर में दो दिवसीय वीरांगना लक्ष्मीबाई बलिदान मेले का शुभारम्भ आज 17 जून को सायं झांसी से आई शहीद ज्योति यात्रा से होगा।बलिदान मेले में 17 जून की सायं 6 बजे शहीद ज्योति झांसी दुर्ग से ग्वालियर पहुंचेगी, जिसे राजा मानसिंह तोमर प्रतिमा स्थल से राइडर्स क्लब की वाहन सवार मातृशक्ति की अगुवाई में फूलबाग चौराहा लाया जायेगा।
फूलबाग चौराहे से सायं 6.30 बजे अश्वारोही झांकियों के साथ सैकड़ों केसरिया ध्वजधारी देशभक्त पैदल शोभा यात्रा के रूप में समाधि तक लायेंगे। मेला के संस्थापक अध्यक्ष जयभान सिंह पवैया व नगर निगम सभापति मनोज तोमर ज्योति को स्थापित करेंगे। 17 जून को ही सायं 7.30 बजे नगर निगम द्वारा लगाई गई क्रांतिकारियों के शस्त्रों व संस्कृति विभाग द्वारा लगाई जा रही प्रदर्शनी जरा याद करो कुर्बानी का शुभारम्भ कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान की उपस्थिति में होगा। इस अवसर पर समाधि के समक्ष भारत विकास परिषद द्वारा 1008 दीपों द्वारा दीपदान किया जायेगा।
बलिदान मेले के दूसरे दिन 18 जून की सायं 7 बजे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में महानाट्य व क्रांतिवीर तथा शहीद परिजन सम्मान के साथ ग्वालियर की अंडर 19 नेशनल प्लेयर कु. वैष्णवी शर्मा के सम्मानोपरांत अ.भा. कवि सम्मेलन में प्रख्यात कवि पद्म सुरेन्द्र दुबे, अरुण जेमिनी, विनीत चौहान, सुरेश अलबेला, भुवन मोहिनी, शशिकांत यादव, योगेन्द्र शर्मा, गौरव चौहान व दिनेश देशी घी का काव्यपाठ होगा।
