
छिंदवाड़ा/ परासिया। जिले में जहरीले कफ सिरप से मासूम बच्चों की हो रही मौत के मामले में प्रदेश सरकार विपक्ष के निशाने पे है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार ने सरकार पर निशाना साधते हुए छिंदवाड़ा का दौरा किया। परासिया के इंटक हाल में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार पीडि़त परिवार को चार लाख रूपए देकर एक मां की गोद खरीदना चाहती है? अगर सरकार सही में इस मुद्दे पर संवेदनशील है तो ऐसे पीडि़त परिवार जिनके बच्चे की मौत हो चुकी है उन्हें इलाज का पूरा खर्चा दे। नहीं तो वह परिवार जीवन भर कर्ज के बोझ में दबे रहेंगे। इतनी मौत के बाद सरकार आज तक जिम्मेदारी तय नहीं कर पाई है। छोटे व्यक्ति पर सरकार कार्रवाई कर अपनी जिम्मेदारी से मुंह मोड़ रही है। आज दिनांक तक सरकार उस कंपनी पर शिकंजा नहीं कस पाई है जिसके द्वारा यह जहरीला कफ सिरप बनाया गया। सरकार का पूरा सिस्टम फेल है। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री पीडि़त परिवारों के घर पहुंच कर केवल उनका हाल-चाल जान रहे हैं ऐसे बेशर्म मंत्री को तुरंत पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। नेताप्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि सरकार नींद में सो रही है। जब तक दर्जनों बच्चों की जान नहीं गई, तब तक सरकार ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। यह लापरवाही अक्षम्य है।
