
बुरहानपुर। जिले में शिकारपुरा थाना अंतर्गत घटित मामले को प्रदेश सरकार ने संवेदनशीलता और गंभीरता से लिया है। इस मामले पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने, जिले में गत दिवस हाल ही में हुई हत्या की घटना में मृतक पीड़िता के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने शोकाकुल परिवार को सांत्वना देते हुए दुख की इस घड़ी में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने कहा कि घटना अत्यंत दुखद और निंदनीय है तथा दोषियों को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार कठोर से कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाए, ताकि पीड़िता और उसके परिवार को शीघ्र न्याय मिल सके। प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने परिजनों को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार पूरी तरह उनके साथ खड़ी है और न्याय सुनिश्चित करने के लिए हर जरूरी कदम उठाएगी। प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि देने के निर्देश दिए है। मुलाकात के दौरान सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, बुरहानपुर विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस, नेपानगर विधायक सुश्री मंजू दादू, अध्यक्ष मनोज माने , अन्य जनप्रतिनिधिगण, कलेक्टर हर्ष सिंह, एसपी आशुतोष बागरी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
