जबलपुर: अधारताल थाना अंतर्गत अनमोल हाइट्स में बीती रात एक ड्राइवर ने अपनी ही मालकिन के घर जमकर उपद्रव मचाया। दरवाजा तोडक़र घर के अंदर घुसे आरोपी ने न केवल महिला के साथ अभद्र व्यवहार किया, बल्कि किचन के सामान और बाहर खड़ी कार में भी भारी तोडफ़ोड़ की। जाते-जाते आरोपी ने पीडि़ता को पुलिस रिपोर्ट करने पर जान से मारने की धमकी भी दी है।
पुलिस के मुताबिक अनमोल हाइट्स निवासी शोभा उपाध्याय बीती रात अपने घर पर थीं, तभी उनका ड्राइवर सतीश यादव वहां पहुंचा और जोर-जोर से दरवाजा पीटने लगा। अनहोनी की आशंका के चलते जब शोभा ने दरवाजा नहीं खोला, तो आरोपी ने दरवाजा तोड़ दिया और जबरन घर में दाखिल हो गया। आरोपी सतीश ने घर में घुसते ही पीडि़ता से अभद्रता शुरू कर दीं। विरोध करने पर वह हिंसक हो गया और किचन में घुसकर कांच के बर्तनों व अन्य सामानों की तोडफ़ोड़ की।
इसके बाद आरोपी ने अपना गुस्सा बाहर खड़ी पीडि़ता की कार क्रमांक एमपी 20 जेड एक्स 5046 पर निकाला। उसने पत्थर और गमले मार-मारकर कार के कांच फोड़ दिए और गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया। हंगामे की आवाज सुनकर पड़ोसी विवेक दास और भरत पासी मौके पर पहुंचे। लोगों को इक_ा होता देख आरोपी वहां से भागने लगा, लेकिन जाते-जाते उसने पीडि़ता को पुलिस के पास जाने पर जान से खत्म करने की धमकी दी। पुलिस ने शोभा उपाध्याय की शिकायत पर आरोपी सतीश यादव के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
