नई दिल्ली, 11 दिसंबर, 2025: म्यांमार में जारी गृहयुद्ध के बीच, 10 दिसंबर की रात राखाइन प्रांत के एक अस्पताल में हुए एयर-स्ट्राइक में 30 लोगों की मौत हो गई और लगभग 70 लोग घायल हुए हैं। माना जा रहा है कि इस अस्पताल में विद्रोही समूह अराकन आर्मी के लड़ाके इलाज या छिपने के लिए मौजूद थे। म्यांमार सेना या सरकार ने अभी तक इस हमले पर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।
म्यांमार का गृहयुद्ध 1 फरवरी 2021 को सेना द्वारा लोकतांत्रिक रूप से चुनी गई सरकार को सत्ता से हटाने के बाद शुरू हुआ। इसके विरोध में नागरिकों ने पीपुल्स डिफेंस फोर्स (PDF) का गठन किया, जो सेना के खिलाफ लड़ रहे जातीय सशस्त्र समूहों के साथ मिलकर काम कर रहा है। विद्रोही समूहों ने 2024 तक म्यांमार के लगभग 40-50% इलाकों पर कब्जा कर लिया था, खासकर सीमावर्ती क्षेत्रों में।
सैन्य कार्रवाई में अब आम नागरिक भी निशाने पर रहे हैं। सितंबर 2025 में राखाइन स्टेट के एक स्कूल पर हमला हुआ, जिसमें 22 छात्र मारे गए थे। अक्टूबर 2025 में चाउंग-यू टाउनशिप में बौद्ध उत्सव पर हमला हुआ, जिसमें 32-40 लोग मारे गए। इन घटनाओं के बीच, चीन ने म्यांमार सेना को सैन्य सहायता दी है, जिससे विद्रोहियों को झटका लगा है।

