टी-20 विश्व कप के लिए आईसीसी का प्रतिनिधिमंडल कर सकता है बंगलादेश का दौरा

ढाका, 16 जनवरी (वार्ता) सात फरवरी से भारत और श्रीलंका में होने वाले टी-20 विश्वकप में राष्ट्रीय टीम की भागीदारी को लेकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) का प्रतिनिधिमंडल बातचीत के लिए बंगलादेश का दौरा कर सकता है।

द डेली स्टार की रिपोर्ट के अनुसार, खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने गुरुवार को फॉरेन सर्विस एकेडमी में मीडिया से बातचीत में यह बात कही। आसिफ नजरुल ने कहा, “नवीनतम अपडेट के अनुसार, बीसीबी अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल ने मुझे बताया कि चर्चा के लिए आईसीसी की एक टीम बंगलादेश आ सकती है। हमारे रुख में बदलाव की कोई संभावना नहीं है। हम विश्व कप में खेलने के लिए उत्सुक हैं, खासकर श्रीलंका में और मुझे पूरा भरोसा है कि इसका आयोजन करना असंभव नहीं है।”

बंगलादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के एक अधिकारी ने पुष्टि की कि आईसीसी के साथ बातचीत चल रही है, हालांकि दौरे का समय अभी तय नहीं है।

अधिकारी ने द डेली स्टार को बताया, “हम बातचीत कर रहे हैं, और एक प्रतिनिधिमंडल आने वाला है, लेकिन सही तारीख तय नहीं हुई है। हम संपर्क में हैं, लेकिन समय तय नहीं है।”

यह डेवलपमेंट पिछले मंगलवार को बीसीबी लीडरशिप और आईसीसी के बीच हुई वीडियो कॉन्फ्रेंस के बाद हुआ है। बैठक के बाद बोर्ड ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए टूर्नामेंट के लिए भारत न जाने के अपने फैसले को दोहराया और बंगलादेश के मैचों को भारत से बाहर स्थानांतरित करने फिर से अनुरोध किया।

हालांकि आईसीसी ने बीसीबी से अपने रुख पर फिर से विचार करने का आग्रह किया, लेकिन बोर्ड अपने रुख पर कायम रहा। हालांकि, द डेली स्टार के अनुसार, दोनों पक्ष टूर्नामेंट में बंगलादेश की भागीदारी के बारे में ‘संभावित समाधान खोजने’ के लिए बातचीत जारी रखने पर सहमत हुए।

 

Next Post

डच शहर के उट्रेच में विस्फोट होने से लगी आग, चार लोग घायल

Fri Jan 16 , 2026
द हेग 16 जनवरी (वार्ता) डच शहर उट्रेच में गुरुवार दोपहर एक विस्फोट के बाद आग लगने की घटना में चार लोग घायल हो गए। स्थानीय अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है। उट्रेच की मेयर शैरन डाइकस्मा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि विस्फोट में घायल दो लोगों का […]

You May Like