
इंदौर. श्रद्धा ट्रेवल्स के मालिक की शिकायत पर विजय नगर पुलिस ने कंपनी के पूर्व कर्मचारी सहित तीन लोगों के खिलाफ गबन और धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है. आरोप है कि कर्मचारी लंबे समय से कंपनी की गाड़ियां माहे पर चलाकर मिलने वाली रकम हड़प रहा था और कंपनी का ग्राहक डाटा दूसरी ट्रेवल्स कंपनी को बेच दिया.
शिकायत संतोष जवादे निवासी सुयश विहार ने दर्ज कराई. उन्होंने पुलिस को बताया कि उनका प्रतिष्ठान श्रद्धा ट्रेवल्स रतनलोक कॉलोनी में स्थित है. यहां कार्यरत रितेश बुचडे अचानक नौकरी छोड़कर चला गया. जब अन्य कर्मचारियों से कारण पूछा गया तो पता चला कि रितेश करीब तीन साल से गाड़ियों की माहे राशि गबन कर रहा था. मामला सामने आने पर जवादे ने रितेश से संपर्क किया. शुरुआत में उसने रकम लौटाने की बात कही, लेकिन बाद में पता चला कि उसने श्रद्धा ट्रेवल्स के ग्राहकों का पूरा डाटा भक्ति ट्रेवल्स के मालिक मिलिंद राव सोनोने को बेच दिया. आरोप है कि भक्ति ट्रेवल्स के मालिक द्वारा फर्जी वेबसाइट तैयार कर लोगों के साथ धोखाधड़ी भी की जा रही है. मामले में थाना प्रभारी चंद्रकांत पटेल ने बताया कि पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद रितेश बुचडे, मिलिंद राव सोनोने और प्रभात राय सहित अन्य साथियों पर केस दर्ज किया है, मामले मे पुलिस अब वित्तीय गबन, डेटा बेचने और कथित फर्जी वेबसाइट के जरिए धोखाधड़ी की पूरी श्रृंखला की जांच कर रही है.
