इंदौर: शहर में सक्रिय बाइक चोर गैंग ने एक बार फिर पुलिस सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है. एरोड्रम थाना क्षेत्र की दो कॉलोनियों साकेतधाम और शांति नगर में सोमवार देर रात सिर्फ दो घंटे के भीतर सात बाइकें चुराकर चोर फरार हो गए. पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद है, जिसमें चोर स्टाइल से हैंडल लॉक तोड़ते और सेकंडों में बाइक स्टार्ट कर ले जाते दिखे.यह वारदात रात करीब दो बजे से सुबह चार बजे के बीच की बताई जा रही है.
इस दौरान दो बाइक पर सवार चोर गिरोह ने पहले साकेतधाम कॉलोनी में और फिर शांति नगर में एक के बाद एक सात बाइकें चुरा लीं. खास बात यह रही कि वारदात के दौरान इन कॉलोनियों में एक बार भी पुलिस की गश्त नहीं पहुंची. दो घंटे तक चोर बेखौफ घूमते रहे और वाहन उड़ाते रहे. रहवासियों ने मंगलवार सुबह एरोड्रम थाने पहुंचकर नाराजगी जताते हुए चोरी की शिकायत दर्ज कराई, लेकिन पुलिस ने केवल आवेदन लेकर लोगों को लौटा दिया.
जिन गाड़ियों की चोरी की पुष्टि हुई है, उनमें एमपी-09 डीके 9733 बबीता कपूर, एमपी-09 डीक्यू 0546 राहुल गोस्वामी, एमपी-09 झेडजी 8986 किशन कादरी और एमपी-09 बीसी 8960 शामिल हैं. तीन अन्य बाइकों के नंबर फिलहाल स्पष्ट नहीं हैं. इनमें से कुछ बाइकें महंगे स्पोर्ट्स मॉडल की भी बताई जा रही हैं. लगातार हो रही इस तरह की वारदातों से क्षेत्रीय रहवासी भयभीत हैं और पुलिस की निष्क्रियता पर नाराजगी जता रहे हैं. वहीं मामले में एरोड्रम थाना प्रभारी वरुण सिंह भाटी का कहना है कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है, जल्द ही सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे. यह कहना गलत हैं कि क्षेत्र में पुलिस गश्त नहीं करती
