जबलपुर: 2020 की बनी मिसिंग मिस्ट्री शीर्षक के साथ 16 अक्टूबर 25 को नवभारत में प्रमुखता के साथ प्रकाशित खबर के बाद हडक़ंप मचा। पुलिस मुख्यालय से जबलपुर फरमान पहुंंचा। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के मार्ग निर्देशन में लापता बालिकाओं को खोजने के लिए योजना बनाई गई और 1 नवम्बर 25 से 30 नवम्बर तक 18 वर्ष से कम आयु की बालिकाओं की पतासाजी के लिए ऑपरेशन मुस्कान चलाया।
शहर से लेकर ग्रामीण अंचल के थाना प्रभारियों से लेकर राजपत्रित अधिकारी द्वारा अभियान के दौरान थाने में दर्ज गुमइंसान की विस्तार से समीक्षा करने के साथ गुमशुदा बालिकाओ कें परिजनों एवं परिचितों से चर्चा करते हुये मीडिया की सहायता लेकर लगातार पतासाजी की गई और 53 गुमी बालिकाओं को दस्तयाब कर लिया गया। विदित हो कि नाबालिग बच्चों के लापता होने के मामलों मेें अधिकांश कम उम्र में प्रेम जाल में फंसकर घर छोड़ रहे है तो कुछ परिजनों का दबाव, डांट फटकार से नाराज होकर घर से भाग रहे है। कुछ आर्थिक तंगी, प्रताडऩा, घरेलू कारणों से भी घर छोडक़र चले जाते है।
साढ़े नौ माह में सिर्फ हुई थी 14 दस्तयाबी
नवभारत ने पड़ताल के बाद 16 अक्टूबर को प्रकाशित खबर में इस बात का उल्लेख था कि शहर से लेकर ग्रामीण अंचल से रहस्यमय परिस्थितियों में 2,020 लोग लापता हुए है। गायब हुए लोगों में बच्चों से लेकर युवा, बालिकाएं, महिलाएंं, युवतियां, बुजुर्ग भी शामिल रहे। जिसमेें गायब होने वाले अधिकांश नाबालिग थे। ये आंकड़े 1 जनवरी से लेकर 15 अक्टूबर तक के थे। साढ़े नौ माह में सिर्फ 14 लोगों को पुलिस खोज पाई थी।
एसपी ने की समीक्षा, सुपरवीजन टीम ने की दस्तयाबी
बच्चियों के लापता होने के मामलों को थाना पुलिस गंभीरता से नहीं ले रही थी। गायब लोगों की तलाश के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति हो रही थी। जिसके बाद नवभारत ने पड़ताल के साथ पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज आंकड़ों के साथ प्रमुखता के साथ खबर प्रकाशित की थी। एक नवम्बर से पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय द्वारा ऑपरेशन मुस्कान की स्वयं लगातार इसकी समीक्षा की। नगर पुलिस अधीक्षक की सुपरवीजन में टीम बनाकर उक्त टीम को संभाग के गुमशुदा बालिकाओं की फोटो देकर आसपास के जिलों, अन्य राज्यों में रवाना कर गुमशुदा बालिकाओं की पतासाजी गई। जिसके परिणाम स्वरूप 53 गुम बालिकाओं को दस्तयाब करने मे महत्वपूर्ण सफलता मिली।
यहां से हुई दस्तयाबी
हनुमानताल की टीम द्वारा प्रयागराज उत्तरप्रदेश, गढा की टीम द्वारा 16 वर्षिय बालिका को दिल्ली, गोखपुर की टीम द्वारा 15 वर्षिय बालिका को झांसी उत्तरप्रदेश एवं बरगी पुलिस की टीम द्वारा 16 वर्षिय बालिका को नागपुर महाराष्ट्र राज्यों में टीम भेजकर दस्तयाब कराया गया है। इसके अलावा अन्य बालिकाओं की भी अलग-अलग स्थानों से दस्तयाबी हुई है।
परिजनों के चेहरे पर लौटी मुस्कान
कई गुमशुदा बालक, बालिकायें काफी समय से गुम थे जिनके परिजन काफी परेशान थे, उक्त अभियान के माध्यम से उन्हें ढूढकर उनके परिजनों के सुपुर्द करते हुये बच्चों की अच्छे से देखरेख एंव परवरिश करने के लिए समझाईश दी गयी। पुलिस के इस कार्य की गुमशुदा बालिकों के परिजनों ने प्रसन्नता जाहिर करते हुये भूरि-भूरि प्रशंसा की।
