
गुना। गौसेवा के प्रचार-प्रसार के लिए गौसेवकों द्वारा तैयार किए गए ‘गौरथ’ को अज्ञात असामाजिक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया है। यह घटना बीजी रोड पर स्थित मां हॉस्पिटल के पीछे वीरेंद्र नगर क्षेत्र में हुई, जहां यह रथ प्रचार अभियान शुरू करने से पहले खड़ा किया गया था।
गौसेवकों ने बताया कि रथ का निर्माण गौसेवा को बढ़ावा देने और सड़कों पर निराश्रित घूम रही गायों को संरक्षण देने की अपील के उद्देश्य से किया गया था। वे इस रथ के माध्यम से व्यापक रूप से जागरूकता अभियान शुरू करने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन इससे पहले ही अज्ञात लोगों ने इसे नुकसान पहुंचा दिया। गौरथ को क्षतिग्रस्त किए जाने के बाद गौसेवकों ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की है और सीधे तौर पर असामाजिक तत्वों पर इस घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया है। गौसेवकों का कहना है कि कुछ दिन पहले ही पुलिस ने इन असामाजिक तत्वों के ठिकानों पर दबिश देकर गायों की हड्डियां बरामद की थीं। गौसेवकों का मानना है कि इन तत्वों ने उसी कार्रवाई से उपजी ईर्ष्या और बदला लेने के प्रयास के चलते इस ‘गौरथ’ को क्षतिग्रस्त करने की घटना को अंजाम दिया है। इस घटना से गौसेवकों में भय का माहौल है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपील की है कि उन्हें संरक्षण प्रदान किया जाए, क्योंकि उन्हें आशंका है कि विरोध स्वरूप भविष्य में भी इस तरह की घटनाएं हो सकती हैं। गौसेवकों ने पुलिस से मांग की है कि असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में गौसेवा के कार्यों में कोई बाधा न उत्पन्न हो। उन्होंने पुलिस को कार्रवाई के लिए दो दिनों का समय दिया है, इसके बाद शांतिपूर्ण आंदोलन की बात कही गई है।
